विज्ञापन

Budget 2026: 12 लाख तक आय टैक्स फ्री की, फिर भी इनकम टैक्स से सरकार ने कितना कमा लिया?

पिछले बजट में सरकार ने 12 लाख तक की आय को टैक्स फ्री कर दिया था. इसका असर सरकार की कमाई पर भी दिखा है. सरकार को इनकम टैक्स से जितनी उम्मीद थी, उससे थोड़ी कम कमाई हुई है.

Budget 2026: 12 लाख तक आय टैक्स फ्री की, फिर भी इनकम टैक्स से सरकार ने कितना कमा लिया?
  • वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2026-27 का कुल 53.47 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया है
  • 12 लाख रुपये तक की आय को टैक्स मुक्त किए जाने के कारण इस बार इनकम टैक्स में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है
  • 2025-26 के संशोधित अनुमान के अनुसार सरकार को इनकम टैक्स से 13.12 लाख करोड़ रुपये की कमाई हुई
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

बजट आ गया है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2026-27 का बजट पेश कर दिया है. 2026-27 का बजट कुल 53.47 लाख करोड़ रुपये का है. इस बार सरकार ने बजट में इनकम टैक्स को लेकर कोई बड़ा ऐलान नहीं किया है. इसकी एक वजह ये है कि पिछले बजट में सरकार ने बजट को लेकर बहुत बड़ा ऐलान कर दिया था. पिछले बजट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 12 लाख तक की इनकम को टैक्स फ्री कर दिया था. नौकरीपेशा के लिए ये छूट 12.75 लाख तक पहुंच गई थी. 

12 लाख तक टैक्स फ्री से कमाई पर असर

12 लाख तक की आय को टैक्स फ्री करने का असर सरकार की कमाई पर भी देखने को मिला है. सरकार ने 2025-26 के बजट में इनकम टैक्स से 14.38 लाख करोड़ रुपये की कमाई होने का अनुमान लगाया गया था. हालांकि, बजट दस्तावेज में इस अनुमान को संशोधित कर दिया गया है. इसमें अब सरकार की इनकम टैक्स से कमाई कम हो गई है. 2025-26 के संशोधित अनुमान के मुताबिक, सरकार को 13.12 लाख करोड़ रुपये की कमाई हुई है. यानी बजट अनुमान की तुलना में संशोधित अनुमान लगभग 9 फीसदी कम हो गया है.

अब कितना कमा लेगी सरकार?

सरकार की कमाई में इनकम टैक्स का बड़ा रोल होता है. सरकार की 1 रुपये की कमाई में 21 पैसा इनकम टैक्स से ही आता है. 2026-27 में सरकार को इनकम टैक्स से 14.66 लाख करोड़ रुपये की कमाई होने का अनुमान है. ये 2025-26 के संशोधित अनुमान से लगभग 12 फीसदी ज्यादा है.

Latest and Breaking News on NDTV

और कहां-कहां से कमाएगी सरकार?

हर देश की सरकार की कमाई का बड़ा हिस्सा टैक्स ही होता है. टैक्स की कमाई से ही देश चलता है. 2026-27 में सरकार को 44 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई टैक्स से होने की उम्मीद है. 

इसमें सबसे ज्यादा 14.66 लाख करोड़ इनकम टैक्स और 12.31 लाख करोड़ कॉर्पोरेशन टैक्स से होने का अनुमान है. कस्टम ड्यूटी से 2.71 लाख करोड़ और एक्साइज ड्यूटी से लगभग  3.89 लाख करोड़ रुपये की कमाई होगी. 

जीएसटी से होने वाली कम होने का अनुमान है. वो इसलिए क्योंकि पिछले साल 22 सितंबर को सरकार ने जीएसटी में बड़ा बदलाव कर दिया था. जीएसटी की 4 स्लैब को घटाकर 2 कर दिया था. अब सिर्फ 5% और 18% जीएसटी लगता है. 2026-27 में सरकार को जीएसटी से 10.19 लाख करोड़ रुपये की कमाई होने की उम्मीद है. ये आंकड़ा 2025-26 के बजट अनुमान की तुलना में लगभग 13 फीसदी कम है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com