अदाणी ग्रुप एक बार फिर दुनिया भर के बड़े और दिग्गज निवेशकों की पहली पसंद बनकर उभरा है. ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (AEL) के क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) को बाजार में दमदार रिस्पॉन्स मिला है. अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (एईएल) के क्यूआईपी को करीब 38,000 करोड़ रुपये की बोली मिली. यह कंपनी के बेस इश्यू साइज से 3.8 गुना ज्यादा है. इसी वजह से कंपनी ने क्यूआईपी का साइज 10,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 15,000 करोड़ रुपये कर दिया.
एक साल में करीब 40,000 करोड़ रुपये जुटाए
यह फंड जुटाने का कदम ऐसे समय आया है, जब पिछले एक साल में कंपनी पहले ही 25,000 करोड़ रुपये का राइट्स इश्यू ला चुकी है. अब इस क्यूआईपी के साथ मिलाकर अदाणी एंटरप्राइजेज ने करीब 40,000 करोड़ रुपये की इक्विटी कैपिटल जुटा ली है. कंपनी के इस क्यूआईपी में दुनिया की कई बड़ी ग्लोबल संस्थाओं ने हिस्सा लिया. इनमें कैपिटल ग्रुप, गोल्डमैन सैक्स, ब्लैकरॉक, ब्लैकस्टोन और नोमुरा शामिल हैं. भारत की बड़ी म्यूचुअल फंड कंपनियों ने भी निवेश किया. इनमें एचडीएफसी म्यूचुअल फंड, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड, कोटक म्यूचुअल फंड, आदित्य बिड़ला सन लाइफ म्यूचुअल फंड, एसबीआई म्यूचुअल फंड और टाटा म्यूचुअल फंड शामिल रहे.
खुलने से पहले ही भर गया पूरा इश्यू
इस डील से जुड़े लोगों के मुताबिक, क्यूआईपी आधिकारिक तौर पर खुलने से पहले ही पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया था. बैंकर्स ने बताया कि निवेशक अलॉटमेंट पाने के लिए काफी उत्साहित थे. इसी मजबूत डिमांड को देखते हुए कंपनी ने इश्यू का साइज बढ़ाने का फैसला लिया. अदाणी पावर, अदाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस, अदाणी ग्रीन एनर्जी और अदाणी एंटरप्राइजेज जैसी कंपनियों में फंड रेजिंग और सेकेंडरी ट्रांजैक्शन के दौरान बड़ी ग्लोबल एसेट मैनेजमेंट कंपनियों और लगभग सभी बड़े घरेलू म्यूचुअल फंड्स ने हिस्सा लिया. इससे ग्रुप के लंबे समय के बिजनेस प्लान पर निवेशकों का भरोसा मजबूत होता दिख रहा है.
11.5 अरब डॉलर की मेगा एफडीआई डील
अदाणी एंटरप्राइजेज इस समय एयरपोर्ट, एआई, डेटा सेंटर, सोलर और विंड इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग, रोड्स, पीवीसी, मेटल्स और माइनिंग जैसे कई सेक्टर्स में तेजी से काम बढ़ा रही है. क्यूआईपी लॉन्च होने से एक दिन पहले कंपनी ने आईएचसी के साथ 11.5 बिलियन डॉलर के निवेश का ऐलान भी किया था. इस निवेश के जरिए भारत का सबसे बड़ा एल्युमिनियम मैन्युफैक्चरिंग प्रोजेक्ट बनाया जाएगा. इसे भारत के मेटल्स और माइनिंग सेक्टर में अब तक घोषित सबसे बड़ा विदेशी प्रत्यक्ष निवेश यानी एफडीआई माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें: BAT-BMS से ई-रिक्शा ही नहीं EV वाले भी परेशान! यहां जानिए इससे बचें कैसे
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं