विज्ञापन
This Article is From May 21, 2023

'उसे जेल में ना रहने दें', आर्यन खान के मामले में शाहरुख खान और समीर वानखेड़े की कथित लंबी वॉट्सऐप चैट आई सामने

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के पूर्व जोनल निदेशक समीर वानखेड़े ने बॉम्बे हाई कोर्ट में कथित चैट के कुछ स्क्रीनशॉट पेश किए, जिसमें शाहरुख खान बेटे आर्यन खान के लिए उनसे बात करते हुए दिख रहे हैं.

'उसे जेल में ना रहने दें', आर्यन खान के मामले में शाहरुख खान और समीर वानखेड़े की कथित लंबी वॉट्सऐप चैट आई सामने
आर्यन खान मामले में शाहरुख और समीर वानखेड़े की कथित लंबी वॉट्सऐप चैट वायरल
नई दिल्ली:

शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान जहां इन दिनों अपने लग्जरी ब्रांड के चलते चर्चा में हैं तो वहीं अब लोगों की नजर 2021 में हुए स्टारकिड की गिरफ्तारी मामले पर एक बार फिर पड़ गई है. दरअसल, आर्यन खान को गिरफ्तार करने के बाद शाहरुख खान से जबरन वसूली करने के आरोप लगने के बाद पूर्व NCB अधिकारी समीर वानखेड़े ने शुक्रवार को अपने बचाव में बॉलीवुड सुपरस्टार के साथ अपनी चैट शेयर करने का दावा किया, जिसमें किंग खान बेटे को जेल से निकालने की बात करते हुए दिख रहे हैं. 

मुंबई में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के पूर्व जोनल निदेशक समीर वानखेड़े ने बॉम्बे हाई कोर्ट में कथित चैट के कुछ स्क्रीनशॉट पेश किए, जिसमें शाहरुख खान बेटे आर्यन खान के लिए उनसे बात करते हुए दिख रहे हैं. हालांकि एनडीटीवी स्वतंत्र रूप से चैट की प्रामाणिकता को सत्यापित नहीं कर सकता है. चैट में कथित तौर पर लिखा गया, "मैं आपसे विनती करता हूं कि कृपया उसे जेल में न रहने दें. ये दिन आकर निकल जाएंगे लेकिन एक इंसान के तौर वह टूट जाएगा. कुछ लोगों के कारण उसकी आत्मा नष्ट हो जाएगी. आपने वादा किया था कि आप मेरे बच्चे को सुधारेंगे, उसे ऐसी जगह नहीं रखेंगे जहां वह पूरी तरह से टूटा हुआ निकले और इसमें उनकी कोई गलती नहीं है,” 

आगे लिखा गया, "मैं आपसे विनती करता हूं कि कृपया मुझ पर और मेरे परिवार पर दया करें. आप जानते हैं कि हम लोगों का एक साधारण परिवार है और मेरा बेटा थोड़ा जिद्दी है लेकिन वह एक कठोर अपराधी की तरह जेल में रहने के लायक नहीं है.  दिल से सोचिए प्लीज मैं आपसे विनती करता हूं, ” इसके अलावा कथित स्क्रीनशॉट में, एक्टर वानखेड़े आश्वासन देते हुए कहते हैं "मैं आपसे वादा करता हूं कि मैं सब करूंगा और उन्हें रोकने के लिए भीख मांगने से भी पीछे नहीं हटूंगा. लेकिन प्लीज मेरे बेटे को घर भेज दो. आप यह भी जानते हैं कि आपका दिल अब तक उसके लिए कुछ ज्यादा ही कठोर हो चुका है. कृपया एक पिता के रूप में मैं आपसे विनती करता हूं, ” वहीं इस पर कथित तौर पर अधिकारी जवाब में लिखते हैं, "शाहरुख मैं तुम्हें एक अच्छे इंसान के रूप में जानता हूं. आशा करते है कि सब बढिया हो. अपना ख्याल रखा करो."

पेश किए गए कथित मैसेज आर्यन खान की गिरफ्तारी के एक दिन बाद 4 अक्टूबर को भेजे गए दिख रहे हैं, जो कि आधी रात से सुबह तक के हैं. इसके बाद 14 अक्टूबर को भेजे गए कथित संदेशों में, जिस समय आर्यन खान की ज़मानत याचिका अदालत में आई, शाहरुख ने अधिकारी से "कुछ दया दिखाने" की बात कही, लेकिन वानखेड़े ने जवाब में लिखा, "प्रिय शाहरुख, काश मैं एक जोनल डायरेक्टर के रूप में नहीं बल्कि आपसे दोस्त के रूप में बात कर पाता और आपको वर्तमान स्थिति के बारे में समझा पाता. तमाम असामाजिक तत्व पूरे माहौल को खराब कर रहे हैं. मैं सुधारात्मक दृष्टिकोण से बच्चों की ओर देखना चाहता था और अच्छी लाइफ और राष्ट्रीय सेवा का अवसर देना चाहता था. लेकिन दुर्भाग्य से मेरी कोशिश को कुछ गंदे लोगों द्वारा दुर्भावनापूर्ण और निहित स्वार्थों के साथ बदनाम किया जा रहा है.''

बता दें, आर्यन खान को 3 अक्टूबर, 2021 को एक क्रूज पर पार्टी में एंटी-ड्रग्स छापे के बाद गिरफ्तार किया गया था. हालांकि करीब एक महीने बाद उन्हें रिहा कर दिया गया था. वानखेड़े पर अब सीबीआई ने आर्यन खान को फंसाने से रोकने के लिए शाहरुख खान से कथित तौर पर ₹25 करोड़ की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है. इसी के चलते NCB की एक रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि वानखेड़े ने अपने परिवार के साथ विदेश में कई यात्राएं कीं और वह अपनी आय से अधिक संपत्ति के मालिक थे. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shah Rukh Khan, Shah Rukh Khan Aryan Khan, Shah Rukh Khan Allaged Chat, Aryan Khan Drug Case, Sameer Wankhede, Sameer Wankhede  case, Bollywood News In Hindi, Bollywood News, Ndtv Khabar, Ndtv News In Hindi, Ndtv Hindi,  
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com