विज्ञापन
This Article is From Jun 20, 2017

सुशील मोदी ने लालू परिवार पर फिर लगाए आरोप, कहा-पटना में 18 फ्लैटों की मालकिन हैं राबड़ी देवी

सुशील कुमार मोदी ने दस्तावेजों के हवाले से कहा कि बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और लालू प्रसाद की पत्नी राबड़ी देवी पटना में 18 फ्लैटों और 18 पार्किंग स्थलों की मालकिन हैं. 

सुशील मोदी ने लालू परिवार पर फिर लगाए आरोप, कहा-पटना में 18 फ्लैटों की मालकिन हैं राबड़ी देवी
सुशील मोदी अवैध संपत्ति को लेकर लालू प्रसाद परिवार पर लगातार हमला बोल रहे हैं (फाइल फोटो)
  • आयकर विभाग ने लालू परिवार के खिलाफ मामला दर्ज किया है
  • सुशील मोदी ने कहा- राबड़ी देवी 20 करोड़ के फ्लैट्स की मालिकन
  • तेजस्वी यादव ने तमाम खब़रों और आरोपों को बताया आधारहीन
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
पटना: एक तरफ जहां आयकर विभाग द्वारा लालू प्रसाद यादव के परिवार की बेनामी संपत्ति को जब्त करने की चर्चाओं का बाज़ार गर्म हैं, उसी बीच बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने लालू परिवार पर एक बार फिर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दस्तावेजों के हवाले से कहा कि बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और लालू प्रसाद की पत्नी राबड़ी देवी पटना में 18 फ्लैटों और 18 पार्किंग स्थलों की मालकिन हैं. 

सुशील मोदी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के नाम पर पटना में 18 फ्लैट हैं, सभी फ्लैटों का कुल क्षेत्र 18,652 वर्ग फुट है, जिसकी कीमत 20 करोड़ रुपये से भी ज्यादा है.  

उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद के रेल मंत्री रहते हुए राबड़ी देवी ने पटना शहर के दो अलग-अगल स्थानों जलालपुर और शेखपुरा में जमीन लिखवाई. उन्होंने आरोप लगाया कि राबड़ी देवी ने ऐसे लोगों से जमीन लिखवाई, जिनके परिवार के लोगों को रेलवे में नौकरी दी गई या फिर लालू प्रसाद के रेल मंत्री रहने के दौरान जिनकी मदद की गई.

उन्होंने कहा कि इस जमीन को वर्ष 2011 में श्रेया कंस्ट्रक्शन कंपनी को फ्लैट बनाने के लिए सौंपा गया. जमीन पर बने 36 फ्लैटों में से श्रेया के पास 18 और राबड़ी देवी के नाम से 18 फ्लैट हैं.

सुशील मोदी ने सवाल किया कि अपने आपको गरीबों का मसीहा कहने वाली राबड़ी देवी के पास ये फ्लैट कैसे और कहां से आए?

बता दें कि मंगलवार को इस बात की चर्चा रही कि आयकर विभाग ने बेनामी संपत्ति मामले में लालू प्रसाद यादव के परिवार के छह सदस्यों पर बेनामी एक्ट के तहत कार्रवाई की है. छह सदस्यों में बिहार सरकार में मंत्री तेजस्वी यादव और लालू की बेटी और राज्यसभा सांसद मीसा भारती, लालू की पत्नी राबड़ी देवी शामिल हैं. हालांकि तेजस्वी यादव इन ख़बरों को झूठा बता रहे हैं. 

(इनपुट आईएएनएस से भी)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com