पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में इस बार बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू की छात्र इकाई को मायूसी हाथ लगी जबकि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) को केवल महासचिव पद से ही संतोष करना पड़ा है. पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ के पिछले साल के चुनाव में जदयू छात्र इकाई ने अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष के पदों पर जीत दर्ज की थी जबकि एबीवीपी की प्रियंका श्रीवास्तव ने महासचिव का पद हासिल किया था. पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के रविवार को जारी परिणाम में प्रियंका अपनी सीट बचाने में कामयाब रहीं.
पर एबीवीपी के उपाध्यक्ष एवं संयुक्त सचिव पद के उम्मीदवारों को हार का समाना करना पड़ा. वामपंथी एआईएसएफ समर्थित मधेपुरा के पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की पार्टी जन अधिकार पार्टी की छात्र इकाई के उम्मीदवार मनीष कुमार और अमीर रज़ा क्रमश: अध्यक्ष और संयुक्त सचिव पद के लिए निर्वाचित हुए.इस चुनाव में एआईएसएफ की कोमल कुमारी कोषाध्यक्ष और लालू प्रसाद की पार्टी राजद की छात्र इकाई के उम्मीदवार निशांत कुमार उपाध्यक्ष पद पर विजयी हुए. इस साल हुए लोकसभा चुनावों में हार झेलने वाले पप्पू यादव ने अपने उम्मीदवारों की जीत पर खुशी जताई.
उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर टिप्पणी की, 'यह सिर्फ एक जीत नहीं है बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है. हम गणितज्ञ वशिष्ठ नारायण सिंह को अपनी सफलता समर्पित करते हैं.' सिंह, जो लंबे समय से मानसिक बीमारी से ग्रस्त थे, ने पिछले महीने इस बीमारी से लड़ते हुए दम तोड़ दिया था. वह पटना विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र थे.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं