बिहार के समस्तीपुर नगर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर में मंगलवार रात लोजपा(रा) संसदीय बोर्ड के सदस्य कारोबारी रोहित कुमार उर्फ अंटू इस्सर पर जानलेवा हमला मामले में लोजपा(रा) के अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष शत्रुध्न राय समेत पांचों नामजद व अन्य अज्ञात बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए वैशाली समेत आसपास के जिलों में पुलिस की छापेमारी जारी है. हालांकि अब तक पुलिस को कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिल पाया है. इधर ताबड़तोड़ फायरिंग से जुड़ा एक सीसीटीवी भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मिली जानकारी के अनुसार बदमाशों के वैशाली की ओर भागे जाने का लोकेशन मिला था.
घटना के बाद से ही पुलिस की अलग-अलग टीमें छापेमारी में जुटी हुई हैं. डीआईयू के अलावा सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में नगर और मुफस्सिल थाने की टीमें भी जांच कर रही हैं.
100 से अधिक कैमरों के फुटेज खंगाले, उजली आल्टो कार बनी जांच की कड़ी
रास्ते में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की गई है और उन्हें साक्ष्य के तौर पर लिया गया है. चर्चा का विषय बना हुआ है कि एक ही दल लोजपा(रा) के दो नेता आमने-सामने हैं. पुलिस मुख्य अभियुक्त शत्रुध्न राय की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछा रही है, लेकिन जांच प्रभावित होने की बात कहकर फिलहाल कुछ भी बताने से परहेज कर रही है.
एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस सही दिशा में काम कर रही है और कुछ पॉजिटिव रिज़ल्ट मिले हैं. जल्द ही बदमाशों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी.
बताया गया कि मंगलवार की रात करीब साढ़े 9 बजे उजली आल्टो कार और चार बाइक पर सवार बदमाशों ने लोजपा(रा) नेता सह प्रॉपर्टी डीलर के घर के बाहर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. अंटू इस्सर बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके साथ मौजूद साथी शुभम सिंह उर्फ़ ईशू गोली लगने से जख्मी हो गए. चर्चा यह भी है कि उजली कार पर लर्निंग लिखा हुआ था. साथ ही यह भी अपुष्ट चर्चा है कि फायरिंग के दौरान बदमाशों के गिरोह के एक सदस्य को भी गोली लगी है.
उजली आल्टो से बरामद शव ने जांच को नई दिशा दी
गुरुवार को वैशाली जिले के हाजीपुर में गंगा ब्रिज थाना के पास एक उजली आल्टो कार (जिस पर आगे लर्निंग लिखा था) से एक युवक का शव मिलने पर सनसनी फैल गई. शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. वैशाली एसपी ने बताया कि शव की पहचान और कार यहां कैसे आई, इसके लिए सीसीटीवी जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि मामले को समस्तीपुर की घटना से जोड़कर भी देखा जा रहा है, लेकिन अभी यह कहना जल्दबाज़ी होगा. संभव है कि यह मामला अलग हो. समस्तीपुर पुलिस ने फायरिंग मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज वैशाली पुलिस से मांगे हैं ताकि दोनों मामलों में उपयोग हुई कार का मिलान किया जा सके.
फायरिंग मामले में इन पर आरोप
फायरिंग मामले में रोहित कुमार उर्फ़ अंटू इस्सर ने लोजपा(रा) के अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष शत्रुध्न राय, राजीव सिंह उर्फ़ पुल्लू सिंह, राहुल यादव उर्फ़ चुसनी, मनीराम उर्फ़ मनीया और लक्की खान समेत पांच से सात अज्ञात को आरोपित किया है. समस्तीपुर एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि हाजीपुर वाली कार से मिले शव मामले में समस्तीपुर पुलिस लगातार वैशाली पुलिस के संपर्क में है.
इनपुट: अविनाश कुमार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं