विज्ञापन
This Article is From Nov 11, 2016

बिहार में शराबबंदी के बाद से जुर्म घटे, 'रसगुल्लों' की बिक्री बढी़ : निश्चय यात्रा पर निकले नीतीश का दावा

बिहार में शराबबंदी के बाद से जुर्म घटे, 'रसगुल्लों' की बिक्री बढी़ : निश्चय यात्रा पर निकले नीतीश का दावा
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की फाइल फोटो
मोतिहारी: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दावा किया कि प्रदेश में शराबबंदी के बाद से पिछले सात महीने के दौरान राज्य में 'रसगुल्ला' की बिक्री 16.25 प्रतिशत बढ़ी है.

अपनी 'निश्चय यात्रा' के दौरान पूर्वी चंपारण जिला मुख्यालय मोतिहारी में एक 'चेतना सभा' को संबोधित करते हुए नीतीश ने दावा किया कि बिहार में शराबबंदी के बाद से पिछले सात महीने के दौरान राज्य में 'रसगुल्ला' की बिक्री 16.25 प्रतिशत बढ़ी है. उन्होंने कहा कि इसके अलावा बीते अप्रैल महीने से शराबबंदी के बाद से प्रदेश में स्वास्थ्यवर्धक खाद्य उत्पाद पेडा, पनीर और दही की भी बिक्री बढ़ गई है.

गौरतलब है कि बुधवार को पड़ोसी पश्चिम चंपारण जिला मुख्यालय बेतिया से अपनी 'निश्चय यात्रा' की शुरुआत करते हुए नीतीश ने दावा किया था कि प्रदेश में शराबबंदी के बाद से दूध की बिक्री में 11 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. नीतीश ने प्रदेश में शराबबंदी के बाद से अपराध में कमी आने का दावा करते हुए कहा कि प्रदेश में जघन्य अपराध में कमी आई है.

प्रदेश के मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह और पुलिस महानिदेशक पीके ठाकुर की मौजूदगी में चेतना सभा को संबोधित करते हुए नीतीश ने कहा कि पिछले वर्ष 2015 के 1 अप्रैल से 31 अक्टूबर की तुलना में 2016 में इस अवधि के दौरान हत्या के मामले में 36 प्रतिशत की कमी आई है. इसी तरह से डकैती में 25 प्रतिशत, दंगा के मामले में 40 प्रतिशत, फिरौती के लिए अपहरण के मामले में 56 प्रतिशत और सडक दुर्घटना के मामले में 21 प्रतिशत की कमी आई है.

नीतीश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर प्रहार करते हुए कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान विदेश से कालाधन को वापस लाकर प्रत्येक नागरिक के बैंक खाते में 15 से 20 लाख रुपये जमा कर दिए जाने के वायदे को पूरा नहीं किया गया, बल्कि उसे 'जुमला' करार दिया गया. उन्होंने कहा कि इन खोखले वायदों के बजाय उनकी महागठबंधन सरकार ने अपने एक साल पूरा होने के पूर्व ही प्रदेश में शराबबंदी को लागू करने के साथ हर घर में बिजली, नल का पानी एवं शौचालय का निर्माण तथा हर गली में पक्की सड़क और नली के निर्माण के अपने सात निश्चय पर काम करना शुरू कर दिया है.

आरजेडी नेता और बिहार के कृषिमंत्री राम विचार राय तथा कांग्रेस नेता एवं मंत्री मदन मोहन झा की मौजूदगी में नीतीश ने केंद्र सरकार पर जीएम सरसो के ट्रायल की इजाजत दिए जाने की निंदा करते हुए कहा कि बिहार किसी भी हालत में इसकी अनुमति नहीं देगा. उन्होंने बिहार की प्रमुख विपक्षी पार्टी बीजेपी पर उनकी निश्चय यात्रा का विरोध करने को उस पर प्रहार करते हुए कहा कि ऐसा उसके द्वारा मीडिया बने रहने के लिए किया जा रहा है.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
बिहार, नीतीश कुमार, शराबबंदी, रसगुल्ला, Bihar, Nitish Kumar, Alchohal Ban, Rasgullas
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com