- पटना के गौरव नगर में पति ने गुस्से में आकर पत्नी और छह माह के बच्चे पर खौलता तेल डाल दिया
- महिला निशा कुमारी और उसका बच्चा गंभीर रूप से झुलस गए हैं, उनका नालंदा सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है
- झगड़ा पनीर की सब्जी खाने को लेकर हुआ था, पति ने पत्नी से सब्जी खाने के बारे में सवाल पूछा था
होली के दिन पटना के गौरव नगर इलाके से घरेलू हिंसा की एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां एक पति ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी और छह माह के मासूम बच्चे पर खौलते तेल की कड़ाही उड़ेल दी. इस घटना में महिला और बच्चा गंभीर रूप से झुलस गए. दोनों का इलाज कराया जा रहा है.
घायल महिला की पहचान निशा कुमारी के रूप में हुई है, जो अपने पति श्रवण कुमार और तीन बच्चों के साथ पटना में किराये के मकान में रहती है. घटना के बाद मायके पक्ष के लोग महिला और बच्चे को इलाज के लिए नालंदा के सदर अस्पताल लेकर पहुंचे.
पनीर की सब्जी को लेकर हुआ झगड़ा
पीड़ित महिला ने बताया कि उसका मायका नालंदा जिले के भागन बिगहा ओपी क्षेत्र के मोरा पिचासा गांव में है, जबकि उसका ससुराल हिलसा में है. होली के दिन उसने घर में पनीर की सब्जी और पुड़ी बनाई थी. उसने पनीर की सब्जी अपने पति को खिला दी थी, लेकिन खुद नहीं खाई थी.

महिला के अनुसार, जब उसका पति घर लौटा तो उसने पूछा कि क्या उसने पनीर की सब्जी खाई है या नहीं. महिला ने बताया कि उसने सब्जी नहीं खाई है. यह सुनते ही पति आक्रोशित हो गया और गुस्से में आकर कड़ाही में खौल रहे तेल को पत्नी पर उड़ेल दिया. उस समय महिला की गोद में उसका छह माह का बच्चा भी था, जिससे वह भी झुलस गया.

मायके चली गई पत्नी
घटना के बाद निशा ने पटना में इलाज कराया और फिर अपने मायके चली आई. मायके वालों ने उसे और बच्चे को इलाज के लिए नालंदा के सदर अस्पताल में भर्ती कराया. पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति अक्सर उसे प्रताड़ित करता है और मारपीट करता है. महिला ने बताया कि कई बार उसका पति उसे चाकू से भी घायल कर चुका है. फिलहाल पुलिस में शिकायत नहीं की गई है. हालांकि, मायके वालों का कहना है कि पुलिस में शिकायत की जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं