विज्ञापन

अब शादी कीजिए...गांव के लोगों के बीच पहुंचने पर निशांत से महिलाओं की अपील

जदयू में शामिल होने के बाद निशांत कुमार पहली बार अपने पैतृक गांव कल्याण बीघा पहुंचे. गांव की महिलाओं ने शादी की सलाह दी, तो कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारे लगाए. दौरे के दौरान निशांत भावुक भी नजर आए.

अब शादी कीजिए...गांव के लोगों के बीच पहुंचने पर निशांत से महिलाओं की अपील
गांव के लोगों के बीच निशांत
  • नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने जदयू में शामिल होने के बाद पटना में विधायकों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की
  • निशांत कुमार अपने पैतृक गांव कल्याण बीघा पहुंचे, जहां पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया
  • गांव की महिलाओं ने निशांत को परिवार बढ़ाने और शादी करने की सलाह दी, लेकिन उन्होंने इस पर बात टाल दी

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में औपचारिक रूप से शामिल होने के बाद नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं. गुरुवार को पटना में पार्टी विधायकों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद निशांत पहली बार अपने पैतृक गांव कल्याण बीघा पहुंचे. गांव पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.

महिलाओं ने निशांत को दी ये सलाह

गांव में लोगों से मुलाकात के दौरान एक दिलचस्प नजारा भी देखने को मिला. गांव की महिलाओं ने निशांत को आशीर्वाद दिया और उनसे परिवार बढ़ाने की सलाह दी. महिलाओं ने उनसे कहा कि अब उन्हें शादी कर लेनी चाहिए. हालांकि, शादी के सवाल पर निशांत ने मुस्कुराते हुए बात को टाल दिया. उन्होंने महिलाओं से बस इतना कहा कि सब बढ़िया है ना और आगे बढ़ गए.

ये भी पढ़ें ; बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए बैठकों का दौर, NDA, महागठबंधन में क्या चल रहा है?

भावुक नजर आए निशांत

निशांत कुमार ने गांव पहुंचकर कहा कि उनका बचपन इसी गांव में बीता है और यहां से उनका गहरा जुड़ाव है. उन्होंने कहा कि वे अपने पिता नीतीश कुमार के विकास के कामों को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे. उन्होंने बताया कि गांव आकर उन्होंने अपने दादा-दादी का आशीर्वाद लिया है. गांव में पहुंचने के बाद निशांत कुमार सीधे रामलखन सिंह वाटिका पहुंचे. वहां उन्होंने अपने दादा स्वर्गीय रामलखन सिंह, दादी परमेश्वरी देवी और अपनी मां स्वर्गीय मंजू सिंह की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी, इस दौरान वे काफी भावुक भी नजर आए.

ये भी पढ़ें : पटना में गैस एजेंसी के डिलीवरी ब्वॉय पर FIR दर्ज, DM ने अधिकारियों की छुट्टी रद्द की, हेल्पलाइन भी शुरू

जदयू कार्यकर्ताओं में दिखा जोश

इसके बाद निशांत कुमार गांव के देवी स्थान पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की. उन्होंने बिहार की सुख-समृद्धि और लोगों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की. निशांत के गांव पहुंचने से कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखने को मिला. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी भी की. निशांत कुमार जिंदाबाद और बिहार का सीएम कैसा हो, निशांत भैया जैसा हो जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा.

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जदयू में औपचारिक रूप से शामिल होने के बाद निशांत कुमार की सक्रियता बढ़ना आने वाले समय में बिहार की राजनीति में नए संकेत दे सकता है. फिलहाल, गांव में उनका यह दौरा चर्चा का विषय बना हुआ है और समर्थक उन्हें भविष्य के नेता के रूप में देखने लगे हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nishant Kumar, Nitish Kumar Son Nishant, Nishant Kumar JDU, Kalyan Bigha Village Visit, Nishant Kumar First Village Visit
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com