नालंदा में हाईवे पर लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. सिलाव-एकंगरसराय मार्ग पर शनिवार देर रात सवारी बनकर बैठे तीन बदमाशों ने अर्टिगा चालक को बंधक बनाकर उसकी गाड़ी लूट ली. घटना एकंगरसराय थाना क्षेत्र के खरजम्मा रेलवे क्रॉसिंग के पास की बताई जा रही है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि वारदात की शुरुआत सिलाव थाना क्षेत्र में हुई, इसलिए मामला वहीं दर्ज किया जाएगा.
तीन युवकों ने मांगी लिफ्ट
पीड़ित चालक गया जिले के बुनियादगंज थाना क्षेत्र के कुकियासी गांव निवासी अखिलेश कुमार ने बताया कि वह शनिवार रात अर्टिगा लेकर बिहार शरीफ जा रहा था. सिलाव बाजार में तीन युवकों ने मदद के बहाने गाड़ी में लिफ्ट मांगी. रास्ते में सीएनजी भरवाने के बाद करीब 3 किलोमीटर आगे चालक शौच-पेशाब के लिए गाड़ी रोककर नीचे उतरा.
ड्राइवर के साथ मारपीट की
पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने चालक का मुंह और आंख कपड़े से बांध दिया, और उसके साथ मारपीट की. इसके बाद उसे गाड़ी में बैठाकर एकंगरसराय थाना क्षेत्र के खरजम्मा रेलवे क्रॉसिंग के पास सुनसान स्थान पर ले गए. चालक को नीचे उतारकर तीनों आरोपी अर्टिगा लेकर फरार हो गए.
किसी तरह बदमाशों के चंगुल से छूटने के बाद घायल चालक रात करीब एक बजे एकंगरसराय थाना पहुंचा. पुलिस ने उसे सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया. बाद में दूसरे के मोबाइल से चालक ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन भी थाने पहुंच गए.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एकंगरसराय थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि घटना की शुरुआत सिलाव थाना क्षेत्र में हुई है, इसलिए प्राथमिकी सिलाव थाने में दर्ज की जाएगी.आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है.
यह भी पढ़ें: बिहार के युवा आबादी के पलायन को सद्गुरु ने बताया सिस्टम की विफलता, इतिहास की सुधार है राम मंदिर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं