विज्ञापन
This Article is From Dec 18, 2017

अतिक्रमणकारियों ने पुलिस कर्मियों को हमला करके खदेड़ा, जीप में लगाई आग

बिहार के समस्तीपुर जिले के मालती गांव में हुई घटना, आधा दर्जन लोग घायल हो गए

अतिक्रमणकारियों ने पुलिस कर्मियों को हमला करके खदेड़ा, जीप में लगाई आग
समस्तीपुर जिले में इस स्थान का अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची पुलिस की टीम पर हमला किया गया.
पटना: न्यायालय के आदेश पर जमीन खाली कराने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला किया और पुलिस की जीप में आग लगा दी. अतिक्रमणकारियों ने पुलिस पर ईंट, पत्थरों से हमला किया. पुलिस कर्मी किसी तरह जान बचाकर वापस लौटे. इस घटना में आधा दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं.

बिहार के समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना के मालती गांव में न्यायालय के आदेश पर एक विवादित जमीन खाली कराने के दौरान हुई हिंसा में आधा दर्जन लोग घायल हो गए. पुलिस कर्मी गाड़ी वहीं छोड़कर अपनी जान बचाकर भागे. इसी बीच अतिक्रमणकारियों ने पुलिस की जीप को निशाना बनाया और उसे आग के हवाले कर दिया.

यह भी पढ़ें : गाज़ियाबाद : एनआईए टीम पर हमला करने वाला गिरफ्तार, टीम कर रही गहन पूछताछ

बताया जाता है कि हाईकोर्ट के आदेश पर जिले के उजियारपुर थाने की पुलिस टीम मजिस्ट्रेट के साथ मोहम्मद अख्तर इम्तियाज की  जमीन को अतिक्रमणकारियों से खाली कराने पहुंची थी. इस जमीन पर मोहम्मद जुबेर के परिवार के लोगों ने कब्जा कर लिया है. पुलिस कर्मियों की संख्या को कम देखते हुए गांव के लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया. बीच-बचाव करने के लिए आए लोगों के साथ मार पीट की गई जिसमें कई लोग घायल हो गए.

घायलों का इलाज उजियारपुर अस्पताल में किया जा रहा है. दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं जिन्हें समस्तीपुर के सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है. इधर मालती गांव के निवासी मोहम्मद अख्तर ने बताया कि दलसिंह सराय न्यायालय में केस दर्ज किया गया था, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर जमीन मुक्त कराने गई थी, पर पुलिस पर विपक्षियों ने एकाएक हमला कर दिया.

VIDEO : पुलिस पर बालू माफिया ने किया हमला

थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों पक्षों के बीच हिंसा होने लगी थी. मारपीट को देखते हुए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी पुलिस बल के साथ वापस हो गए. इस दौरान घटनास्थल पर रास्ता संकीर्ण होने से अलग खड़ी पुलिस जीप के पास कुछ शरारती लोगों ने जलता कपड़ा फेंककर आग लगा जी. इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारी को दे दी गई है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com