विज्ञापन
This Article is From Feb 03, 2018

तेजस्वी पर जेडीयू का पलटवार : एमएलए पर हमला करने वाले गिरफ्तार, अब पुलिस को बधाई दे दें

बखरी से आरजेडी विधायक उपेंद्र पासवान पर हुए जानलेवा हमले के बाद पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कई ट्वीट कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा था

तेजस्वी पर जेडीयू का पलटवार : एमएलए पर हमला करने वाले गिरफ्तार, अब पुलिस को बधाई दे दें
बिहार के बेगूसराय में विधायक उपेंद्र पासवान के घर पर हुई गोलीबारी के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
  • 24 घंटे के भीतर हमले के मामले में तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी की गई
  • जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा सिर्फ आलोचना न करें, बधाई भी दें
  • कहा- सजा पाए राजद के लोगों को दल से बाहर निकालने की हिम्मत दिखाएं
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
पटना: विधायक पर हमले की घटना को लेकर सोशल नेटवर्किंग साइट ट्वीटर पर सीएम नीतीश कुमार और प्रशासन पर सवाल उठाने वाले आरजेडी नेता तेजस्वी यादव को जेडीयू ने करारा जवाब दिया है.  

बिहार के बखरी से आरजेडी विधायक उपेंद्र पासवान पर शुक्रवार को हुए जानलेवा हमले के बाद पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कई ट्वीट कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए प्रशासन पर भी सवाल उठाए थे. 24 घंटे के अंदर तीन लोगों की गिरफ्तारी के बाद सत्तारूढ़ जनता दल (यूनाइटेड) ने तेजस्वी पर पलटवार करते हुए उन्हें पुलिस प्रशासन को बधाई देने की नसीहत दी.

यह भी पढ़ें : बेगूसराय : आरजेडी विधायक के घर पर गोलीबारी, शिक्षक समेत दो घायल

जेडीयू के प्रवक्ता और विधान पार्षद नीरज कुमार ने शनिवार को बशीर बद्र का एक शेर सुनाते हुए कहा, "जिस दिन से चला हूं मिरी मंजिल पे नजर है, आंखों ने कभी मील का पत्थर नहीं देखा." उन्होंने कहा, "नीतीश कुमार ने जब से मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली है, उसी दिन से उनकी मंजिल 'न्याय के साथ सुशासन' की रही है. किसी भी विधायक पर हमला निंदनीय है और हम सभी इसकी कड़ी निंदा करते हैं. इस घटना के 24 घंटे के भीतर इस मामले में तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हम बिहार पुलिस को धन्यवाद और बधाई भी दे रहे हैं. आप से उम्मीद है कि केवल आलोचना ही नहीं करेंगे, बधाई भी देंगे."

नीरज ने कहा कि राजद के 15 साल के शासनकाल में 67,249 हत्याएं और 1991 से 2005 तक के शासनकाल में 12827 दुष्कर्म व 5243 फिरौती के लिए अपहरण के मामले विभिन्न थानों में दर्ज हुए थे. उन्होंने तेजस्वी पर तंज कसते हुए कहा, "राजद के विधायक राजवल्लभ यादव दुष्कर्म के आरोप में और पूर्व सांसद शहाबुद्दीन हत्या के मामले में जेल में बंद हैं, जबकि राजद अध्यक्ष और आपके पिता लालू प्रसाद जी भ्रष्टाचार में रांची की जेल में बंद हैं. राजद के शासन काल में ही मंत्री बृजबिहारी जी और विधायक अशोक सिंह की हत्या हुई थी. इन घटनाओं की जिम्मेवारी आपको (तेजस्वी) लेनी चाहिए तथा जेल में बंद तथा सजा पाए राजद के लोगों को अपने दल से बाहर निकालने की हिम्मत दिखानी चाहिए. परंतु आप ऐसा नहीं करेंगे."

VIDEO : लालू जी को बेल जरूर मिलेगी

उल्लेखनीय है कि बिहार के बेगूसराय जिले के बखरी से राजद विधायक उपेंद्र पासवान पर जानलेवा हमला करने के आरोप में पुलिस ने शनिवार को तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया. इस घटना में विधायक तो बाल-बाल बच गए थे, लेकिन उनसे बात कर रहा एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया था. इसके बाद तेजस्वी ने लगातार कई ट्वीट कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा था.
(इनपुट आईएएनएस से)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com