- राहुल गांधी के वियतनाम दौरे को लेकर भाजपा ने आरोप लगाया है कि वे ज्यादातर समय विदेश यात्राओं में बिताते हैं
- भाजपा सांसद ने उनकी विदेश यात्राओं का विवरण और वहां की मुलाकातों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की
- कांग्रेस ने जवाब देते हुए कहा कि राहुल गांधी विदेश यात्रा के दौरान बुद्धिजीवियों और छात्रों से संवाद करते हैं
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और SIR विवाद के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी वियतनाम रवाना हो गए हैं. बीजेपी ने वीडियो जारी कर इसका दावा किया और कहा कि राहुल गांधी रिजीम चेंज की ट्रेनिंग लेने विदेश जा रहे हैं. सोशल मीडिया पोस्ट में बीजेपी ने लिखा, "झूठ फैलाते-फैलाते थक गया, कुछ दिन वियतनाम घूम आता हूं, किसी को क्या ही पता चलेगा!"
”झूठ फैलाते-फैलाते थक गया... कुछ दिन वियतनाम घूम आता हूं... किसी को क्या ही पता चलेगा! 😜”
— BJP (@BJP4India) October 19, 2026
राहुल गांधी की विदेश यात्रा को लेकर इसके बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई. बीजेपी ने जहां कांग्रेस नेता पर निशाना साधा. वहीं कांग्रेस ने भी आरोपों पर पलटवार किया है. बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा, "देखिए, राहुल गांधी हर बार ऐसा ही करते हैं. बिहार में यात्रा करने के बाद, वे दो महीने की छुट्टियों पर विदेश चले गए थे. शायद तब वे वियतनाम गए थे, और हो सकता है कि इस बार भी वो वियतनाम ही गए हों."
वहीं भाजपा नेता शाज़िया इल्मी ने कहा कि राहुल गांधी से अब और बर्दाश्त नहीं हुआ. आखिर वे कितनी मेहनत कर सकते हैं? वोट चोरी का मुद्दा तो बस एक बहाना है. सब जानते हैं कि वे कितने आलसी हैं. अब उनकी 'पर्यटन यात्रा' फिर से शुरू हो गई है. साफ है कि वे दो हफ्ते भी काम नहीं कर पाए और फिर से निकल पड़े. इस बार वे वियतनाम की यात्रा पर गए हैं.
Delhi: On Congress MP and LoP Rahul Gandhi's foreign visit, BJP leader Shazia Ilmi says, "Rahul Gandhi just couldn't take it anymore. How much hard work could he possibly do? The vote theft issue is just an excuse. Everyone knows how lazy he is. Now his tourism has started again. We can see that he couldn't work for even two weeks before taking off once again. This time, he has gone to Vietnam on another trip."
— IANS (@ians_india) October 19, 2026
जनता को अपने विदेशी दौरों की जानकारी दें राहुल गांधी- बीजेपी
बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अक्सर अपना ज्यादातर समय विदेश यात्राओं में बिताते हैं. राहुल गांधी भारत आते हैं, किसी मुद्दे पर विवाद खड़ा करते हैं और फिर विदेश यात्रा पर निकल जाते हैं. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की विदेश यात्राओं के उद्देश्य और वहां उनकी मुलाकातों के बारे में लोगों को स्पष्ट जानकारी नहीं है. उन्होंने राहुल गांधी से पिछले दो-तीन सालों के दौरान की गई विदेश यात्राओं का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की. साथ ही, उन्होंने पूछा कि राहुल गांधी इन यात्राओं के दौरान किन लोगों से मिलते हैं और उनके खर्च का भुगतान कौन करता है.
भाजपा सांसद ने कहा कि राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और एक सार्वजनिक हस्ती हैं. ऐसे में जनता को उनकी विदेश यात्राओं के उद्देश्य और खर्च के बारे में जानकारी मिलने का अधिकार है.

बीजेपी प्रवक्ता यासिर जिलानी ने कहा, "यह उनकी आदत में शामिल है. जब भी कभी वे किसी आंदोलन में हिस्सा लेते हैं, किसी वामपंथी विचारधारा के नेता के कंधे का सहारा लेकर आंदोलन में शामिल होते हैं और फिर उन्हें लगता है कि अब छुट्टी मनानी चाहिए और फंड का भी तो कहीं न कहीं इंतजाम करना है. उन्हें इस वक्त भारत के लोगों को बताना चाहिए कि वे क्यों गए हैं."
उन्होंने कहा कि एक विपक्ष के नेता के रूप में गए हैं या सिर्फ छुट्टियां मनाने गए हैं? यह एक तरीके से राहुल गांधी का जो मजाक है, उसे भारत के लोग मुझे नहीं लगता कि स्वीकार करेंगे.
बीजेपी पर कांग्रेस का पलटवार
बीजेपी के आरोपों पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि बीजेपी को राहुल गांधी की ट्रिप से क्या दिक्कत है? राहुल गांधी अपनी विदेश यात्रा के दौरान छात्रों, बुद्धिजीवियों के साथ संवाद करते हैं. यहां तक कि प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करते हैं. बीजेपी पर हमलावर होते हुए उन्होंने कहा कि परंपरा तो ये भी है कि संसद सत्र के दौरान प्रधानमंत्री विदेश यात्रा नहीं करते, लेकिन पीएम ने ये परंपरा तोड़ दी, उस समय तो कोई सवाल नहीं उठाया गया.
इसे भी पढ़ें: राहुल की एक्सपायरी डेट के जवाब में शिवराज ने दिया क्वॉलिटी टेस्ट में फेल होने का ताना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं