बिहार के गया शहर में शुक्रवार देर रात पुलिस विभाग के भीतर का एक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कोइरीबारी के पास करीब 3 बजे परैया थाना में कार्यरत प्राइवेट ड्राइवर गौतम ने कोतवाली थाना के चालक नीरज को कट्टे से गोली मार दी. गोली नीरज के बाएं तरफ सीने में लगी. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उसने हिम्मत दिखाई और खुद बाइक चलाकर कोतवाली थाना पहुंच गया.
महिला सिपाही को लेकर विवाद
पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एएनएमसीएच रेफर कर दिया गया. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच एक महिला सिपाही को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह विवाद धीरे-धीरे निजी प्रतिद्वंद्विता में बदल गया था.
सुनसान इलाके में मारी गोली
बताया जा रहा है कि आरोपी गौतम को नीरज और महिला सिपाही की नजदीकियां नागवार गुजर रही थी. इसी को लेकर दोनों के बीच कई बार कहासुनी भी हुई थी. शुक्रवार रात यह तनाव अचानक हिंसक मोड़ पर पहुंच गया. सूत्रों का दावा है कि आरोपी ने पहले नीरज की गतिविधियों पर नजर रखी, और फिर सुनसान इलाके में उसे रोककर गोली चला दी.
आरोपी को किया गिरफ्तार
गोली लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि घटना के तुरंत बाद पुलिस सक्रिय हो गई, और कुछ ही घंटों में आरोपी गौतम को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है. सिटी एसपी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात पहले से रची गई साजिश थी या अचानक हुए विवाद का परिणाम. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी के पास देसी कट्टा कहां से आया.
फिलहाल घायल नीरज की हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है, जबकि पुलिस को पूछताछ में कई और अहम खुलासों की उम्मीद है.
(रिपोर्ट- रंजन सिन्हा)
यह भी पढ़ें: सीवान में एनकाउंटरः BJP नेता मनोज सिंह के भांजे की हत्या में शामिल सोनू यादव मारा गया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं