विज्ञापन

जिस दुल्हन को सिरफिरे ने मारी गोली, लौट गई उसकी बारात.. कहा-'पहले पता होता तो नहीं आते'

बक्सर में शादी के मंडप पर जिस दुल्हन को गोली मारी गई थी, उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है. वहीं, दूल्हे का कहना है कि अगर पहले इस सबके बारे में पता होता तो वो कभी नहीं आते.

जिस दुल्हन को सिरफिरे ने मारी गोली, लौट गई उसकी बारात.. कहा-'पहले पता होता तो नहीं आते'
  • बक्सर में शादी के मंडप पर दुल्हन को गोली मारने वाले आरोपी दीनबंधु को गिरफ्तार किया गया है
  • आरोपी दीनबंधु पहले भी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है और शराब तस्करी के मामले में जेल जा चुका है
  • पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसके पास हथियार कैसे आए और गोली मारने के पीछे उसकी असली मंशा क्या थी
बक्सर:

बक्सर में शादी के मंडप पर दुल्हन को गोली मारने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. आरोपी आपराधिक किस्म का रहा है. वह 2021 में शराब तस्करी के एक मामले में जेल भी जा चुका है. पुलिस फिलहाल यह पता करने की कोशिश में है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आए और दुल्हन को गोली मारने के पीछे उसकी मंशा क्या थी? क्या यह सिर्फ प्रेम प्रसंग का मामला है या इसके पीछे कोई और भी कारण था? 

लड़की के परिजन का कहना है कि वो एकतरफा प्यार करता था. मेरी लड़की उसे पसंद नहीं करती थी. इसलिए उसने गोली मार दी. लड़की के पिता नंद चौधरी अब अपनी बेटी की शादी को लेकर चिंतित हैं. वे कहते हैं कि अब अगर मेरी बेटी बच भी गई तो उससे कौन शादी करेगा?

पहले भी शादी तुड़वा चुका है आरोपी

लड़की के पिता ने बताया कि आरोपी एक बार पहले भी उनकी बेटी की शादी तुड़वा चुका है. 1 साल पहले भी मेरी बेटी की शादी तय हुई थी तब आरोपी ने लड़के के घर वालों को धमकाया था. धमकी से डरकर लड़के वालों ने वह रिश्ता तोड़ दिया था. इसके बाद गांव वालों ने पंचायत बिठाई. लड़के को गांव से बाहर भेज दिया गया लेकिन उसने नजर रखना जारी रखा.

दूल्हे ने कहा, 'हम कभी नहीं आते'

घटना के बाद पूरी बारात लौट गई. लड़के वालों ने शादी से इनकार कर दिया है. उनका कहना था कि अगर हमें किसी अफेयर या प्रेमी की जानकारी होती तो हम कभी यहां नहीं आते. वह गोली दूल्हे को भी लग सकती थी.

क्या था पूरा मामला?

मामला बिहार के बक्सल जिले के चौसा नगर पंचायत का है, जहां शादी के मंडप पर सिरफिरे आशिक ने दुल्हन को गोली मार दी थी. ये सबकुछ चंद सेकंड में हुआ. आरोपी युवक का नाम दीनबंधु है, जो दुल्हन के पड़ोस में ही रहता है. स्टेज पर जब वरमाला का कार्यक्रम चल रहा था, तभी दीनबंधु ने भीड़ से निकलकर दुल्हन को गोली मार दी. गोली लगने के बाद दुल्हन को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Buxar, Buxar Bride Shot, Buxar Bihar, Buxar Crime, Bihar Crime
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com