- बिहार के गयाजी में एक युवक ने AI तकनीक का दुरुपयोग कर आपत्तिजनक रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया।
- आरोपी विकास कुमार यादव ने निशांत कुमार और विधायक मैथिली ठाकुर की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर रील बनाई थी।
- युवक ने सोशल मीडिया पर फेमस होने की चाह में यह सनसनीखेज कदम उठाया, जिससे उसे जेल जाना पड़ा।
बिहार के गयाजी में सोशल मीडिया पर फेमस होने की चाह एक युवक को भारी पड़ गई. AI तकनीक का इस्तेमाल कर सीएम नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार और विधायक मैथिली ठाकुर की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक रील बनाने के मामले में फतेहपुर थाना पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
गयाजी में एआई तकनीक का दुरुपयोग कर आपत्तिजनक फोटो और रील वायरल करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने शब्दो गांव निवासी विकास कुमार यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोपी युवक फतेहपुर में रहकर पढ़ाई करता था, लेकिन सोशल मीडिया पर फेमस होने की चाह ने उसे कानून के शिकंजे में पहुंचा दिया.

ज्यादा लाइक और शेयर के लिए बनाया प्लान
पुलिस की पूछताछ में आरोपी युवक ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. उसने बताया कि वह अक्सर सोशल मीडिया पर रील बनाकर पोस्ट करता था और चाहता था कि उसके वीडियो ज्यादा से ज्यादा वायरल हों. लेकिन उसके बनाए रील पर ज्यादा लाइक्स और कमेंट्स नहीं आते थे. इसी कारण उसने कुछ अलग और सनसनीखेज करने की योजना बनाई.
आरोपी ने पुलिस को बताया कि जब नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार हाल के दिनों में राजनीति में सक्रिय हुए तो उसके मन में विचार आया कि क्यों न निशांत कुमार और विधायक मैथिली ठाकुर की तस्वीरों का इस्तेमाल कर AI तकनीक से आपत्तिजनक फोटो बना दिया जाए. उसने दोनों की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर एक आपत्तिजनक रील तैयार की और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया.
रील पोस्ट होने के कुछ ही समय बाद उस पर लाइक्स, कमेंट्स और शेयर तेजी से बढ़ने लगे. इससे आरोपी को लगा कि उसकी योजना सफल हो गई है और वह सोशल मीडिया पर फेमस हो जाएगा. हालांकि उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि यह हरकत उसे सीधे जेल तक पहुंचा देगी. आरोपी युवक ने पुलिस को बताया कि वह सोशल मीडिया पर कई बार फिल्मी कलाकारों के साथ भी इस तरह की एडिट की हुई तस्वीरें और वीडियो वायरल होते देखता था. उसे लगा कि ऐसा करने से कोई कानूनी कार्रवाई नहीं होती है. इसी गलतफहमी में उसने यह कदम उठा लिया.
लोगों से कहता, जल्द फेमस होने वाला हूं...
इधर गांव के लोगों का कहना है कि विकास कुमार यादव पढ़ाई में ज्यादा रुचि नहीं रखता था और अक्सर मोबाइल पर रील बनाने और सोशल मीडिया पर पोस्ट करने में लगा रहता था. वह लोगों से कहा करता था कि वह बहुत जल्द सोशल मीडिया पर फेमस हो जाएगा. लेकिन उसकी यह चाहत अब उसके लिए मुसीबत बन गई और उसे जेल जाना पड़ा.
बताया जाता है कि 13 मार्च 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर यह आपत्तिजनक तस्वीर और रील वायरल हुई थी. इसमें निशांत कुमार और विधायक मैथिली ठाकुर की छवि को खराब करने का प्रयास किया गया था. मामला सामने आने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही फतेहपुर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की. तकनीकी सेल की मदद से सोशल मीडिया अकाउंट और डिजिटल फुटप्रिंट की जांच की गई.
इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया. फतेहपुर थाना में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर एआई तकनीक का दुरुपयोग कर किसी की छवि खराब करने की कोशिश करना गंभीर अपराध है. ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस घटना में किसी और की भी भूमिका तो नहीं है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं