विज्ञापन
This Article is From Jan 14, 2018

किशनगंज : पति के दूसरी शादी से परेशान महिला ने अपने बच्चों के साथ आत्महत्या की

महिला अपने पति की दूसरी शादी से नाराज थी. मामला किशनगंज जिले के बहादुरगंज का है जहां पति की दूसरी शादी से नाराज महिला ने अपने बच्‍चों के साथ जहर खा लिया.

किशनगंज : पति के दूसरी शादी से परेशान महिला ने अपने बच्चों के साथ आत्महत्या की
प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर
पटना: बिहार के किशनगंज जिले की एक महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ जहर खाकर आत्महत्या कर ली. इस घटना में महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई जबकि तीसरे बच्चे की स्थिति गंभीर बनी हुई है. महिला अपने पति की दूसरी शादी से नाराज थी. मामला किशनगंज जिले के बहादुरगंज का है जहां पति की दूसरी शादी से नाराज महिला ने अपने बच्‍चों के साथ जहर खा लिया. परिजनों ने आनन-फानन में सभी को एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां महिला और दो बच्चों की मौत हो गई. वहीं इस घटना में एक बच्चा अभी जिंदगी और मौत से जूझ रहा है.

लोगों ने बताया कि मृतक महिला मसिया खातून के पति अंसार आलम ने 5 दिन पहले दूसरी शादी की थी. घर में नई दूसरी पत्नी के साथ लौटने पर परेशान पहली पत्नी ने यह कदम उठाया. दूसरी शादी की जानकारी के बाद से महिला परेशान रहती थी.

इधर अस्पताल के द्वारा दी गई सूचना पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल में ही पति अंसार आलम एवं उसकी नई पत्नी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी. तीसरे बच्चे का आईसीयू में इलाज किया जा रहा है. डॉक्टरों के अनुसार बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com