- वैशाली जिले के काशीपुर चकबीबी पंचायत के मुखिया अर्जुन सिंह पर नाबालिग से अप्राकृतिक यौनाचार का गंभीर आरोप लगा
- मुखिया ने किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने के नाम पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर शोषित करने का प्रयास किया
- नाबालिग ने मुखिया द्वारा किए गए यौनाचार का विरोध किया तो मुखिया ने उसका मुंह दबाया और गाल पर दांत भी काटे
बिहार के वैशाली से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक खबर सामने आई है,जहां जनता के प्रतिनिधि यानी 'मुखिया' पर ही एक नाबालिग के साथ अप्राकृतिक यौनाचार का गंभीर आरोप लगा है.मामला सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर शोषण से जुड़ा है.वैशाली जिले के बरांटी थाना क्षेत्र के काशीपुर चकबीबी पंचायत के मुखिया अर्जुन सिंह पर एक नाबालिग से अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने का गंभीर आरोप लगा है.पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
किसान सम्मान निधि के नाम पर लूटी इज्जत
नाबालिग ने पुलिस को बताया कि मुखिया ने उसे “किसान सम्मान निधि योजना” की जानकारी देने के बहाने बुलाया.आरोप है कि मुखिया ने नाबालिग को कचड़ा भवन नहर के किनारे ले जाकर उस पर दबाव बनाया और उसके निजी अंगों को पकड़ने का प्रयास किया.जब नाबालिग ने विरोध किया और चिल्लाया,तो मुखिया ने उसका मुंह दबाया और गाल पर दांत भी काट दिए.किसी तरह नाबालिग अपनी जान बचाकर घर पहुंचा और माता‑पिता व ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी.
पिता बाहर रहते हैं
नाबालिग के पिता बाहर रहते हैं. उनके घर लौटनें के बाद बरांटी थाना में शिकायत दर्ज कराई गई.पुलिस ने मुखिया के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार,अर्जुन सिंह के खिलाफ पहले से दो मामले दर्ज हैं और वे पहले भी जेल जा चुके हैं.मामले की जांच जारी है और पीड़ित का मेडिकल कराया जा रहा है. पुलिस ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं