विज्ञापन
This Article is From Oct 26, 2017

छठ से ज्यादा जीवंत, प्रकृति के प्रति विश्वास का कोई दूसरा पर्व नहीं : नीतीश कुमार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि लोक आस्था के महापर्व छठ से ज्यादा जीवंत और प्रकृति के प्रति विश्वास का कोई दूसरा पर्व नहीं हो सकता.

छठ से ज्यादा जीवंत, प्रकृति के प्रति विश्वास का कोई दूसरा पर्व नहीं : नीतीश कुमार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना में छठ घाटों का मुआयना करते हुए (फाइल फोटो)
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि लोक आस्था के महापर्व छठ से ज्यादा जीवंत और प्रकृति के प्रति विश्वास का कोई दूसरा पर्व नहीं हो सकता. छठ पर्व के दूसरे दिन व्रतधारियों के खरना के तहत दिन भर उपवास रखने के बाद बुधवार देर शाम श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण के लिए मुख्यमंत्री आवास पर एक सादा समारोह में आयोजित किया गया. इसमें राज्यपाल सत्यपाल मलिक, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह और अपने मंत्रिमंडल के अन्य सहयोगियों सहित अन्य गणमान्य लोगों और श्रद्धालुओं का नीतीश ने स्वागत किया और प्रसाद के रूप में खीर और रोटी का वितरण किया. छठ पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री के बड़े भाई सतीश कुमार की पत्नी गीता देवी, भतीजी सुनीता कुमारी, भांजे की पत्नी रेखा कुमारी और भांजी विभा कुमारी छठ पर्व मना रही हैं.

यह भी पढ़ें : पटना में छठ घाटों का निरीक्षण करने अलग-अलग क्‍यों गए नीतीश कुमार ओर सुशील मोदी?

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए नीतीश ने कहा, 'लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर समस्त बिहार वासियों और देशवासियों को शुभकामनाएं देता हूं. यह महापर्व है और इस पर्व के दौरान आत्मानुशासन देखने को मिलता है. हर व्यक्ति स्वच्छता पर नजर रखता है.' उन्होंने कहा, 'जिस तरह का आत्मानुशासन छठ पर्व के अवसर पर देखने को मिलता है और जितनी आस्था होती है, अगर छठ पर्व के बाद भी यह आत्मानुशासन समाज आए तो मैं समझता हूं कि बहुत बड़ा परिवर्तन आएगा.'

यह भी पढ़ें : शारदा सिन्हा के इन 5 गानों ने बढ़ाई छठ की रौनक

नीतीश ने कहा, 'मेरी समझ से यह प्रकृति और सूर्य की पूजा है जिनके चारों ओर पृथ्वी चक्कर काट रही है जिसमें हम सब वास करते हैं.' उन्होंने कहा कि इससे ज्यादा जीवंत और प्रकृति के प्रति विश्वास का कोई दूसरा पर्व नहीं हो सकता है. नीतीश ने कहा कि बिहार में यह पर्व तो सबसे अधिक लोकप्रिय है और अब इसका आयोजन देश के कोने कोने में होने लगा है.

VIDEO : छठ पूजा पर ट्रेनें हाउसफुल
खरना के बाद व्रर्तियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हुआ और गुरुवार की शाम को वे अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य देंगे. शुक्रवार प्रात: व्रतियों द्वारा उदीयमान सूर्यदेव को दूसरा अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय लोक आस्था का यह पर्व संपन्न हो जाएगा.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com