Harley-Davidson ने अपनी सबसे पॉपुलर बाइक X440 की कीमतें बढ़ा दी हैं. Hero Motocorp और Harley-Davidson द्वारा मिलकर बनाई गई इस प्रीमियम रोडस्टर बाइक के सभी वेरिएंट्स अब पहले के मुकाबले महंगे हो गए हैं. आइए जानते हैं कि अब आपको इस बाइक के लिए कितने पैसे एक्स्ट्रा चुकाने होंगे.
वेरिएंट के हिसाब से कितनी बढ़ी कीमत?
Harley-Davidson ने अपनी X440 रेंज के तीनों वेरिएंट्स - Vivid, S और T की कीमतों में ₹1,000 से लेकर ₹5,000 तक की बढ़ोतरी की है. इस बदलाव के बाद शुरुआती विविड वेरिएंट की नई एक्स-शोरूम कीमत ₹2.36 लाख हो गई है. वहीं, इसके मिड-स्पेक वेरिएंट 'Harley-Davidson X440 S' के दाम में ₹4,000 की वृद्धि हुई है जिससे अब यह बाइक ₹2.59 लाख की एक्स-शोरूम कीमत पर मिलेगी जो पहले ₹2.55 लाख में आती थी.
इस प्राइस हाइक का सबसे ज्यादा असर इसके टॉप-एंड वेरिएंट 'Harley-Davidson X440 T' पर पड़ा है. कंपनी ने इस वेरिएंट की कीमत में सबसे ज्यादा ₹5,000 की बढ़ोतरी कर दी है. इस नए इजाफे के बाद अब इस टॉप मॉडल को खरीदने के लिए ग्राहकों को ₹2.84 लाख (एक्स-शोरूम) की भारी-भरकम कीमत चुकानी होगी जो इसे इस पूरी लाइनअप का सबसे महंगा मॉडल बनाती है.

इंजन और परफॉर्मेंस में कोई बदलाव नहीं
कीमतों में हुए इस बदलाव के अलावा बाइक में कोई भी मैकेनिकल अपडेट या नए फीचर्स नहीं जोड़े गए हैं. यह मोटरसाइकिल अभी भी अपने पहले वाले दमदार 440cc, सिंगल-सिलेंडर, एयर और ऑयल-कूल्ड इंजन के साथ आती है. यह इंजन 27 hp की पावर और 38 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करने की क्षमता रखता है. इस इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है जो हाइवे पर आरामदायक क्रूज़िंग और शानदार राइडिंग एक्सपीरियंस देने के लिए मशहूर है.
Hero Xpulse 421 पहुंची लद्दाख की सबसे खतरनाक चोटी पर! जानें कब हो रही है लॉन्च
सबसे खास और हाई-टेक है इसका 'T' वेरिएंट
लाइनअप का सबसे नया और महंगा सदस्य होने के नाते 'Harley-Davidson X440 T' फीचर्स के मामले में सबसे आगे है. इस वेरिएंट में राइड-बाय-वायर टेक्नोलॉजी, कई सारे राइडिंग मोड्स, स्विचेबल ट्रैक्शन कंट्रोल और स्विचेबल एबीएस (ABS) जैसे बेहतरीन सेफ्टी और टेक फीचर्स दिए गए हैं. इसके अलावा कंपनी ने इसके रियर सेक्शन, ग्रैब रेल्स और सबफ्रेम को भी नया डिजाइन दिया है जो इसे बाकी दोनों वेरिएंट्स से थोड़ा अलग और आकर्षक लुक देता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं