अगर आप नई कार खरीदने की सोच रहे हैं तो जल्द ही ले लेने में समझदारी है. देर करने पर आपकी जेब पर ज्यादा बोझ पड़ सकता है. टाटा मोटर्स, मारुति सुजुकी और ह्युंदई जैसी बड़ी कंपनियां बढ़ती कमोडिटी कीमतों के दबाव में दाम बढ़ाने की ओर बढ़ रही हैं. टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (TMPVL) आने वाले हफ्तों में अपनी कारों के दाम बढ़ाने जा रही है. वहीं मारुति सुजुकी ने भी दाम बढ़ाए जाने के प्लान पर बात की है. कुछ अन्य कंपनियां भी दाम बढ़ा सकती हैं.
क्यों महंगी होने वाली हैं कारें?
टाटा मोटर्स (TMPVL) के MD और CEO शैलेश चंद्रा ने तिमाही नतीजों के बाद कहा कि लगभग एक साल से कमोडिटी, खासकर कीमती धातुओं और कॉपर की कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है, जिससे कंपनी की लागत पर दबाव बढ़ा है. उनके अनुसार, कमोडिटी कीमतों का असर कंपनी की आय का लगभग 2% से ज्यादा बैठ रहा है.
कितना बढ़ाया जाएगा दाम?
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (TMPVL) के CMD शैलेश चंद्रा ने साफ कहा कि कंपनी प्राइस हाइक करेगी और इसका ऐलान कुछ हफ्तों में किया जाएगा, हालांकि यह नहीं बताया गया कि दाम कितने बढ़ाए जाएंगे.

मारुति सुजुकी भी बढ़ाने वाली हैं कार की कीमतें
कार बाजार की सबसे बड़ी कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया भी कीमतें बढ़ाने पर विचार कर रही है. कंपनी के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (मार्केटिंग एंड सेल्स) पार्थो बनर्जी ने कहा था कि कीमती धातुओं की कीमतों में ‘जबरदस्त' बढ़ोतरी हुई है. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि कंपनी कुछ हद तक लागत खुद झेलने की कोशिश कर रही है, लेकिन एक सीमा के बाद बढ़ी हुई लागत ग्राहकों तक पहुंचानी पड़ेगी.
ह्युंदई भी रख रहा ट्रेंड्स पर नजर
ह्युंदई मोटर इंडिया पहले ही जनवरी में अपनी कुछ गाड़ियों, खासकर वेन्यू मॉडल, के दाम बढ़ा चुकी है. कंपनी के हेड–इन्वेस्टर रिलेशंस हरिहरन केएस ने कहा कि अभी भी कीमती धातुओं और अन्य कमोडिटीज़ में जबरदस्त उतार-चढ़ाव है, इसलिए आगे भी इस ट्रेंड पर लगातार नजर रखनी होगी.
कुल मिलाकर, बढ़ती कमोडिटी कीमतों का मतलब यह है कि आने वाले समय में कार खरीदारों को ऑन-रोड प्राइस बढ़े हुए दिख सकते हैं. ऐसे में जो लोग कार खरीदारी टाल रहे थे, उनके लिए जल्दी फैसला लेना फायदेमंद साबित हो सकता है.
ये भी पढ़ें: हार्ले डेविडसन होगी इतनी सस्ती, भारत-अमेरिका डील में बाइक शौकीनों की चमकी किस्मत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं