8 years ago
नई दिल्ली:
मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में मुख्यमंत्री के नाम पर बना सस्पेंस खत्म हो गया है और लोकसभा चुनाव 2019 से पहले अनुभव को तरजीह देते हुए कांग्रेस ने कमलनाथ के नाम को मुख्यमंत्री पद लिए हरी झंडी दे दी है. उधर राजस्थान में अंतत: अशोक गहलोत को सीएम चुना गया है. सचिन पायलट डिप्टी सीएम होंगे. शुक्रवार शाम दिल्ली स्थिति कांग्रेस मुख्यालय में इसकी घोषणा की गई. छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) पर फैसला अभी भी बाकी है. राजस्थान में मुख्यमंत्री के नाम को लेकर सुबह से शुरू हुआ सियासी ड्रामा देर रात तक चला. मगर तब भी किसी एक नाम पर सहमति नहीं बनी. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों पर फैसला शुक्रवार के लिए टाल दिया क्योंकि वह इस विषय पर पार्टी नेताओं से और चर्चा करना चाहते थे. सूत्रों के अनुसार गांधी ने छत्तीसगढ़ के नये मुख्यमंत्री पर फैसला करने के लिए गुरुवार को प्रदेश के पार्टी नेताओं से चर्चा की मगर दावेदारों से और चर्चा करने के लिए फैसला शुक्रवार के लिए टाल दिया. कांग्रेस अध्यक्ष ने राजस्थान के मुख्यमंत्री पद के दावेदारों अशोक गहलोत और सचिन पायलट के साथ कई बैठकें कीं, लेकिन उनके बीच कोई सहमति नहीं बन पायी. पायलट ने इस शीर्ष पद के लिए दावा किया. राहुल गांधी के निवास के बाहर पायलट के समर्थकों ने उनके समर्थन में नारे भी लगाए. राहुल गांधी ने देर शाम पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ बैठक की. गुरुवार को देर रात तक दिल्ली का सियासी पारा हाई रहा और राहुल गांधी के घर अशोक गहलोत और सचिन पायलट का आना जाना लगा रहा.