8 years ago
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव ( Madhya Pradesh Assembly Election) की तारीखों के करीब आते ही सभी पार्टियां अपनी तैयारी को आखिरी रूप देने में लग गई हैं. यही वजह है कि अब दोनों प्रमुख पार्टियां अपने वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ स्टार प्रचारकों को चुनाव प्रचार में ज्यादा से ज्यादा उतार रही हैं. लोगों तक अपनी बात पहुंचने के लिए पीएम मोदी (PM Modi) से लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) तक एक दिन में कई रैलियां कर रहे हैं. पीएम मोदी (PM Modi) शनिवार को दो बड़ी रैलियां करेंगे. जबकि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) भी सागर, दमोह और टीकमगढ़ में रैली करने वाले हैं. चुनाव प्रचार के दौरान बीजेपी और कांग्रेस के स्टार प्रचारक भी जोर-शोर से हिस्सा ले रहे हैं. ध्यान हो कि मध्यप्रदेश में 28 नवंबर को चुनाव होने हैं. प्रचार में सिर्फ पार्टी के वरिष्ठ नेता ही नहीं बल्कि स्टार प्रचारक भी लोगों से संवाद करने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहते. बीजेपी के स्टार प्रचारक और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मध्यप्रदेश के कई जिलों में रैली करेंगे. वह सागर, विदिशा, इंदौर और उज्जैन में जनसभा को संबोधित करेंगे.