विज्ञापन
This Article is From Jan 24, 2017

यूपी में कांग्रेस के स्‍टार प्रचारकों की सूची में प्रियंका गांधी का नाम भी शामिल

यूपी में कांग्रेस के स्‍टार प्रचारकों की सूची में प्रियंका गांधी का नाम भी शामिल
सूत्रों के मुताबिक प्रियंका गांधी केवल रायबरेली और अमेठी में ही चुनाव प्रचार करेंगी.
लखनऊ: यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन में बड़ी भूमिका निभाने वाली प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस ने अपने स्‍टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया है. कांग्रेस ने आज जिन 40 नामों वाली स्‍टार प्रचारकों की सूची को जारी किया है, उसमें प्रियंका गांधी का नाम शामिल है. इससे पहले के चुनावों में प्रियंका ने खुद को गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली और अमेठी तक ही प्रचार के लिहाज से सीमित रखा था और अन्‍यत्र रैलियां नहीं की थीं. सूत्रों के मुताबिक वह इस बार भी अपने को केवल वहीं तक सीमित रखेंगी और रायबरेली एवं अमेठी के बाहर प्रचार नहीं करेंगी.

कांग्रेस ने इस सप्‍ताह परंपरा को तोड़ते हुए पहली बार कहा कि सपा-कांग्रेस गठबंधन में प्रियंका गांधी की अहम भूमिका रही. दरअसल सीटों की संख्‍या को लेकर दोनों पक्षों में गतिरोध बना हुआ था और लग रहा था कि समझौता नहीं हो पाएगा. उसी दौरान मीडिया रिपोर्ट्स में इस आशय की खबरें आईं कि सोनिया गांधी ने मामले को संभालने के लिए हस्‍तक्षेप किया. लेकिन उसके बाद सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव अहमद पटेल ने ट्वीट करते हुए कहा कि इस मामले में निर्णायक भूमिका प्रियंका गांधी की रही. वरिष्‍ठ कांग्रेसी नेता गुलाम नबी आजाद ने भी इसकी पुष्टि की.

(पढ़ें : सपा-कांग्रेस गठबंधन- अखिलेश यादव बोले - 9 नंबर पसंद होने के चलते फंसा था पेंच)

सूत्रों के मुताबिक अखिलेश यादव की पार्टी सपा के लोग चाहते हैं कि प्रियंका गांधी और अखिलेश की पत्‍नी डिंपल एक मंच से चुनाव प्रचार करें. हालांकि कांग्रेस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि ऐसा संभवतया नहीं होगा. कांग्रेस के स्‍टार प्रचारकों की सूची में प्रियंका गांधी के अलावा राहुल गांधी, सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का नाम है.

(पढ़ें : यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन से किसे क्या मिलेगा?)

पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने प्रदेश की सभी 403 सीटों पर अपने उम्‍मीदवार उतारे थे. इसमें से कांग्रेस ने 28 सीटें जीती थीं. गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली और अमेठी की कुल 10 सीटों में से पार्टी ने दो सीटों पर जीत हासिल की थी.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com