विज्ञापन
This Article is From Feb 15, 2012

यूपी में सरकार बनाने के लिए ले लेंगे सपा-बसपा का समर्थन : दिग्विजय

दिग्विजय सिंह ने कहा कि संप्रग सरकार की तरह यदि सपा या बसपा बिना शर्त कांग्रेस की सरकार को उत्तर प्रदेश में समर्थन देगी तो ऐसा समर्थन लेने में कांग्रेस को कोई गुरेज नहीं होगा।
रांची: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश में भविष्य की राजनीति के कुछ पत्ते खोलते हुए कहा कि विधानसभा चुनावों के बाद राज्य में कांग्रेस की ही सरकार बनेगी और इसके लिए केन्द्र की तरह यदि सपा या बसपा बिना शर्त कांग्रेस का समर्थन करना चाहेंगी तो उनकी पार्टी उनका समर्थन ले सकती है।

दिग्विजय सिंह ने दावा किया कि कांग्रेस को इस बार उत्तर प्रदेश में अपने बल पर स्पष्ट बहुमत मिलेगा और वह अपने दम पर वहां सरकार बनाएगी।

यह पूछे जाने पर कि राज्य में सरकार गठन के लिए कुछ सीटों की कमी होने की स्थिति में क्या कांग्रेस समाजवादी पार्टी (सपा) अथवा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का समर्थन लेगी सिंह ने कहा कि हमें न तो किसी का समर्थन चाहिए और न ही लेंगे लेकिन केन्द्र की संप्रग सरकार की तरह यदि सपा या बसपा बिना शर्त कांग्रेस की सरकार को उत्तर प्रदेश में समर्थन देगी तो ऐसा समर्थन लेने में कांग्रेस को कोई गुरेज नहीं होगा।

सिंह ने कहा कि केन्द्र में वर्ष 2009 में लोकसभा चुनावों के बाद आखिर कांग्रेस क्या सपा या बसपा से अपनी सरकार के लिए समर्थन मांगने गयी थी नहीं लेकिन उन्होंने खुद ब खुद बिना शर्त कांग्रेस के नेतृत्व में बनी संप्रग सरकार को समर्थन दिया और अभी भी दे रहे हैं। सिंह ने कहा कि इसी ढंग से यदि ये पार्टियां उत्तर प्रदेश में भी कांग्रेस की सरकार का समर्थन करेंगी तो इसमें कांग्रेस को कोई परहेज नहीं होगा।

सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के परिणाम इस बार सभी राजनीतिक पंडितों के लिए आश्चर्यजनक होंगे क्योंकि युवा नेता राहुल गांधी की मेहनत रंग लायेगी और यहां कांग्रेस की सरकार हर कीमत पर बनेगी।
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Support Of SP-BSP, Digvijay Singh, UP Politics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com