केरल के कोच्चि शहर में घूमने पहुंचे उत्तराखंड के एक बाइकर ने वहां के ट्रैफिक डिसिप्लिन की तारीफ की है. बाइकर ने देखा कि हर बाइक चालक हेलमेट पहने हुए था और नियमों का पालन कर रहा था. बाइकर ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया और बताया कि कोच्चि की सड़कों पर लगभग हर बाइक चालक हेलमेट पहनकर चलता है और ट्रैफिक नियमों का पूरी तरह पालन करता है. शहर की यह व्यवस्था देखकर वह खुश हो गया. साथ ही, उन्होंने इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए लिखा 'कोच्चि, केरल के लोग सड़क पर नियमों और कानूनों का पालन कर रहे हैं.'
हर बाइक सवार के सिर पर दिखा हेलमेट
उत्तराखंड के रहने वाले रोहन कुमार मंडल ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में कहा कि कोच्चि में सड़क पर चलने वाले लगभग सभी लोग हेलमेट पहने हुए हैं. उन्होंने कहा कि केरल में नियम-कानून बहुत ही अच्छा था. उनके मुताबिक, केरल में सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों की जागरूकता दूसरे राज्यों के मुकाबले काफी बेहतर दिखाई देती है.
प्रीमियम हेलमेट का भी बढ़ा चलन
रोहन ने यह भी कहा कि उन्हें सड़कों पर बड़ी संख्या में ऐसे लोग दिखाई दिए जो महंगे और अच्छे हेलमेट का इस्तेमाल कर रहे थे. कोच्चि में राइड के दौरान मंडल ने शहर के मौसम और ट्रैफिक और आस-पास के माहौल के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि वहां का माहौल, काले बादल और कुल मिलाकर मौसम बहुत अच्छा था. उन्होंने बताया कि जब वह सड़क पर चल रहे थे तो उन्हें काफी अच्छा महसूस हो रहा था और वे सावधानी से राइड कर रहे थे.
शहर से जल्दी निकलने की थी योजना
बाइकर ने अपने आगे के सफर का जिक्र करते हुए कहा कि वह कोच्चि में ज्यादा समय नहीं रुकना चाहते थे. उनका मानना था कि अगर वे शहर में ज्यादा देर रुकते, तो अगले दिन सुबह ट्रैफिक के कारण बाहर निकलना मुश्किल हो सकता था. इसी वजह से उन्होंने अपनी यात्रा आगे जारी रखने का फैसला किया. साथ ही कहा कि कोच्चि में उन्हें कई नहरें और नदियां देखने को मिलीं, जो शहर को खास बनाती हैं. साथ ही सड़कों पर बड़ी संख्या में बाइक और स्कूटर देखकर भी वह हैरान रह गए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं