Ostrich racing on highway video: बीच सड़क पर जब गाड़ियों के साथ एक विशाल शुतुरमुर्ग रेस लगाने लगे, तो नजारा कैसा होगा? थाईलैंड के चोनबुरी में कुछ ऐसा ही हुआ, जहां एक पालतू शुतुरमुर्ग अपने पिंजरे से निकलकर हाईवे पर 'फरारी' की रफ्तार से दौड़ने लगा. जरा सोचिए, आप अपनी कार से ऑफिस जा रहे हों और अचानक बगल वाली लेन में एक 6 फीट का परिंदा 70 की रफ्तार से आपको ओवरटेक कर दे. थाईलैंड के चोनबुरी प्रांत में मंगलवार को कुछ ऐसा ही 'गजब' नजारा दिखा.
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (SCMP) के मुताबिक, 6 महीने का एक नर शुतुरमुर्ग, जिसका नाम 'B1' है, अपने कैफे वाले घर से फरार होकर सीधे तीन लेन वाले हाईवे पर जा पहुंचा. गाड़ियां अपनी जगह थीं और ये जनाब अपनी धुन में मजे से फर्राटा भर रहे थे. पीछे चल रहे ड्राइवर भी अपनी आंखों पर यकीन नहीं कर पा रहे थे.
ट्रैफिक जाम की वजह कोई एक्सीडेंट नहीं, बल्कि 'B1' था (Pet ostrich escape Thailand)
33 साल के चाईरत सोमपोंग जब घर लौट रहे थे, तो उन्हें लगा कि आगे कोई भयानक एक्सीडेंट हुआ है, जिसकी वजह से गाड़ियां रेंग रही हैं, लेकिन जैसे ही वो करीब पहुंचे, उनकी हंसी छूट गई. उन्होंने देखा कि एक डरा सहमा शुतुरमुर्ग बीच सड़क पर किसी एथलीट की तरह भागा जा रहा है. चाईरत ने तुरंत अपना मोबाइल निकाला और वीडियो रिकॉर्ड करते हुए बोले, 'अरे भाई, ये किसका शुतुरमुर्ग सड़क पर खो गया है? ले जाओ इसे, ये तो बहुत तेज भाग रहा है.' आखिरकार उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए उसे बाईं लेन की तरफ मोड़ा, जहां वो जाकर रुका.
ये भी पढ़ें:-दौलत, कैंसर और 28 साल छोटी बीवी...चीनी रईस ने वसीयत में लुटाए 405 करोड़, भड़की पहली पत्नी, बच्चों में मची खलबली
ट्रक के शोर से घबराकर तोड़ी 'मर्यादा' (Ostrich escapes animal cafe)
इस भागम भाग के पीछे की कहानी भी दिलचस्प है. दरअसल, 'B1' पट्टाया के एक एनिमल थीम वाले कैफे में अपनी पार्टनर 'B2' के साथ रहता है. कैफे के मालिक इतसारा बोरीबून ने बताया कि, कंस्ट्रक्शन का सामान लाने वाले एक ट्रक के तेज शोर से ये परिंदा इतना घबरा गया कि बाड़ा फांदकर निकल भागा, इतसारा ने ये जोड़ा 5 महीने पहले करीब 15,000 भाट (लगभग 38 हजार रुपये) में खरीदा था. खैर, गनीमत रही कि करीब 15 किलोमीटर दूर उसे सुरक्षित पकड़ लिया गया और अब वो अपने घर वापस आ चुका है.
ये भी पढ़ें:-तेरे पैसों की पी रहे हैं? ऋषिकेश में महिला का हाई वोल्टेज ड्रामा, गंगा किनारे छलकाया जाम..पुलिस को दिखाई धौंस!
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं