Where Is Musafir Cafe in Mussoorie: नेटफ्लिक्स (Netflix) पर 24 जुलाई को रिलीज हुई विक्रांत मैसी (Vikrant Massey) की वेब सीरिज मुसाफिर कैफे (Musafir Cafe) ने लोगों को दीवाना बना दिया है. आलम ये है कि अब लोग पिक्चर में नजर आए उस हीरो की तरह पहाड़ों के बीच शांत, सुकूनभरे और खूबसूरत पलों को जीना चाहते हैं. इसी के चलते उन्होंने मसूरी कैफे की असली लॉकेशन को ढूंढना शुरू कर दिया है. कुछ लोग तो वहां पहुंच कर रील्स बना रहे हैं, जिसे देखकर वहां जाने का मन और ज्यादा करने लगा है. अगर आप भी उन्हीं लोगों में है एक हैं तो बता दें कि ये कैफे उत्तराखंड के मसूरी (Mussoorie) में है, जिसका असली नाम झरीपानी कासल (Jharipani Castle) है और यहां रुकने के लिए आपको करीब 13 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं.
पटियाला के महाराजा से है कनेक्शन
मॉल रोड की भीड़भाड़ से दूर, घने जंगलों और दून वैली के शानदार नजारों से घिरी यह ब्रिटिश काल के दौरान बनी एक ऐसी हेरिटेज प्रॉपर्टी है जो कभी पटियाला के महाराजा की हुआ करती थी. लेकिन, साल 2003 में बहरी परिवार ने इस प्रॉपर्टी को खरीदा और इसके पुराने हेरिटेज लुक को बिना छेड़े इसे एक बेहद खूबसूरत बुटीक रिसॉर्ट (Boutique Resort) में बदल दिया गया. फिल्म में जो 'मुसाफिर कैफे' दिखाया गया है, वह असल में फिल्म के सेट डिजाइनर्स द्वारा तैयार किया गया नाम था. इस प्रॉपर्टी के अपने असली इन-हाउस कैफे का नाम '19th Century Cafe' है, जिसे फिल्म में बेहद खूबसूरती से सजाकर पेश किया गया था. इस टूरिस्ट डेस्टिनेशन पर लोग पहाड़ों की ताजी हवा में सांस लेने, ओपन टेरेस पर बैठकर सनसेट का आनंद लेने और अपनी खुद की 'मुसाफिर कैफे' वाली रील बनाने के लिए आना ज्यादा पसंद कर रहे हैं.
रूम बुक होगा तभी मिल सकती है अंदर एंट्री
अगर आप भी इस कैफे के अंदर जाकर एक्सपीरियंस लेना चाहते हैं तो पहले ये बात जान लें कि यह एक पूरी तरह से प्राइवेट होमस्टे और हेरिटेज रिजॉर्ट है. इसलिए प्राइवेसी के लिहाज से केवल उन्हीं मेहमानों को अंदर जाने और 'मुसाफिर कैफे' वाले कॉर्नर को देखने की अनुमति है, जिनका रूम बुक होता है. 'मुसाफिर कैफे' का सटीक पता पटियाला हाउस, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया एटीएम के ठीक सामने, ओक ग्रोव स्कूल के पास, झरीपानी, मसूरी (उत्तराखंड - 248179) है. यहां मेहमानों के लिए अपनी बड़ी ड्राइव-इन मुफ्त प्राइवेट पार्किंग स्पेस है.
7 कैटेगरी में कमरे, जानें क्या है किराया?
झरीपानी कासल में कुल 30 लग्जरी कमरे हैं, जिन्हें 7 अलग-अलग कैटेगरी में बांटा गया है. MakeMyTrip की वेबसाइट पर लिखे रेट्स के मुताबिक, यहां दो मेहमानों के लिए दो रातों (वीकेंड) का किराया कुछ इस प्रकार है:-
- रस्टिक लुक वाले लॉग हट (Log Hut) का किराया 12585 रुपये है.
- डीलाक्स लॉग हट (Deluxe Log Hut) का किराया 18091 रुपये है.
- सैंटोरिनी डीलाक्स रूम (Santorini Deluxe Room) का किराया 24448 रुपये है.
- दून वैली और पहाड़ों के सीधे नजारे देने वाले डीलाक्स रूम (Deluxe Room With Valley & Mountain View) का किराया 26404 रुपये है.
- प्राइवेट जकूजी वाले सैंटोरिनी सुइट (Santorini Suite With Jacuzzi) का किराया 54763 रुपये है.
यहां चेक-इन का समय दोपहर 1:00 बजे से शाम 4:00 बजे के बीच और चेक-आउट का समय सुबह 10:00 से 11:00 बजे तक है. यह एक पेट-फ्रेंडली (Pet-Friendly) प्रॉपर्टी है जहां कुछ एक्स्ट्रा चार्ज देकर आप अपने पालतू जानवरों को ला सकते हैं. साथ ही, माता-पिता के साथ बेड शेयर करने पर 0 से 2 साल के बच्चों का स्टे बिल्कुल फ्री है.
ये भी पढ़ें:- नॉर्वे के सरकारी दफ्तर में परफ्यूम नहीं लगा सकते एम्प्लॉइज, महिला HR बोलीं- 'सांस रोककर लेना पड़ता था इंटरव्यू'
शाम को लाइव बारबेक्यू, हाई-टी और बोनफायर
ध्यान रहे कि ऊपर जो किराया बताया गया है उसमें खाना का चार्ज ऐड नहीं है. अगर आपको रिजॉर्ट के बेहतरीन खान को टेस्ट करना है तो आपको उसका बिल अलग से भरना होगा. जानकारी के लिए बता दें कि जहां एक्सपीरियंस शेफ द्वारा इंडियन, चाइनीज, इटैलियन, अमेरिकन और गढ़वाली डिशेज परोसी जाती हैं. यहां मेहमानों के लिए शाम को लाइव बारबेक्यू (BBQ) और हाई-टी (High Tea) का भी इंतजाम किया जाता है. सुविधाओं के मामले में सभी कमरों को पूरी तरह साउंडप्रूफ बनाया गया है और इनमें 50-इंच का LED टीवी, रूम हीटिंग, इलेक्ट्रिक केतली और हाई-स्पीड मुफ्त वाई-फाई जैसी चीजें मिलती हैं. इसके अलावा, होटल का स्टाफ मेहमानों के मनोरंजन के लिए हर शाम खुले आसमान के नीचे बोनफायर (Bonfire) का आयोजन करता है और पास के झरने तक जाने के लिए ट्रेकिंग गाइड भी मुहैया कराता है.
दिल्ली से 'मुसाफिर कैफे' कैसे पहुंचे?
दिल्ली से देहरादून के लिए रात की ISBT वोल्वो बस लें, जिसका किराया 800 से 2000 रुपये प्रति व्यक्ति होता है. इसके बाद, देहरादून ISBT से सीधे झरीपानी कैसल के लिए एक घंटे की प्राइवेट टैक्सी मिल जाती है, जिसका एक तरफ का रेंट 1000 से 1500 रुपये के बीच रहता है. इस तरह एक कपल के लिए आने-जाने का कुल ट्रांसपोर्ट खर्च 5000 से 7000 रुपये बैठता है. अगर इसमें 2 रातों के होटल स्टे को भी जोड़ दिया जाए, तो दिल्ली से एक जोड़े का कुल ऑल-इंक्लूसिव वीकेंड बजट लॉग हट के लिए 17500 से 20000 रुपये और सैंटोरिनी सुइट के लिए 60000 रुपये से अधिक तक जाता है.
यहां रूम कैसे बुक करें?
रूम बुक करने के लिए आप हेरिटेज रिजॉर्ट की आधिकारिक वेबसाइट jharipanicastle.com पर जा सकते हैं. किसी भी तरह की पूछताछ या रूम की उपलब्धता जानने के लिए आप उनके ऑफिशियल फोन नंबर्स +91 7017519993 या +91 7017519992 पर संपर्क कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें:- 5 मिनट का मजा और घंटों की सजा! जानिए क्यों इस बीच पर रेस्क्यू टीम बुलाने के लगते हैं लाखों रुपये
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं