विज्ञापन

गुजरात यूनिवर्सिटी के हॉल में घुसा बंदर, शिक्षकों की चल रही थी ट्रेनिंग, फिर ऐसा बन गया माहौल

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें गुजरात के डांग जिले में शिक्षकों के लिए हो रही जनगणना प्रशिक्षण क्लास में एक बंदर घुस गया.

गुजरात यूनिवर्सिटी के हॉल में घुसा बंदर, शिक्षकों की चल रही थी ट्रेनिंग, फिर ऐसा बन गया माहौल
गुजरात यूनिवर्सिटी के हॉल में घुसा बंदर
Social Media

गुजरात के डांग जिले में शिक्षकों के लिए हो रही जनगणना प्रशिक्षण क्लास उस वक्त खास बन गई, जब एक अनचाहा मेहमान वहां पहुंच गया. दरअसल, एक बंदर जिसे स्थानीय लोग ‘कपिराज' कहते हैं अचानक क्लासरूम में आ गया और कुछ देर के लिए सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया. यह घटना डांग जिले के वघाई कृषि विश्वविद्यालय में चल रहे तीन दिन के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान हुई. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. यह वीडियो वघाई सेकेंडरी स्कूल के शिक्षक गौरांग पटेल ने फेसबुक पर शेयर किया, जिन्होंने बताया कि यह घटना 21 मई को हुई थी.

वीडियो में देखा जा सकता है कि शिक्षक ट्रेनिंग हॉल में बैठे हुए थे और क्लास चल रही था. तभी अचानक एक बंदर कमरे में आ गया, जिससे कुछ शिक्षक घबरा गए, जबकि कुछ लोग इस अचानक हुई घटना पर हंसने लगे. बंदर बिल्कुल शांत था और बिना घबराए हॉल में इधर-उधर घूमने लगा. वह कुछ देर तक लोगों के बीच ही रुककर उन्हें देखने लगा. एक समय ऐसा भी आया जब कई शिक्षक मुस्कुराते हुए और हैरानी के साथ बंदर को देखते रहे, जैसे वह उसी जगह का हिस्सा हो. शुरुआत में थोड़ी हलचल और घबराहट हुई, लेकिन जल्द ही माहौल हल्का-फुल्का हो गया और पूरे हॉल में हंसी गूंजने लगी.

करीब 5 मिनट तक कमरे के अंदर रहने के बाद बंदर चुपचाप वहां से निकल गया और पास के जंगल की ओर लौट गया. इस दौरान बंदर ने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया और न ही वहां मौजूद शिक्षकों ने उसे परेशान किया या उकसाया. वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही तेजी से वायरल हो गया और लोग इस अचानक मेहमान को देखकर काफी खुश और हैरान दिखे.

यह भी पढ़ें:- दोनों पैर खोने के बाद भी नहीं टूटा हौसला, हाथों के सहारे माउंट एवरेस्ट पर की फतह, वीडियो हुआ वायरल

कुछ लोगों ने मजाक में कहा कि बंदर शायद जनगणना की ड्यूटी करने आया था, जबकि दूसरों का मानना था कि डांग जैसे जंगलों वाले इलाकों में इंसान और जानवरों का इस तरह आमना-सामना होना बिल्कुल सामान्य बात है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gujarat University, Monkey
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com