VIRAL STORY: मिस्र के लोग आज भी उस दौर को नहीं भूले हैं, जब पश्चिम अफ्रीका के माली साम्राज्य का राजा मनसा मूसा वहां से गुजरा था. आज के दौर के एलन मस्क और जेफ बेजोस की दौलत भी 14वीं सदी के इस राजा के सामने फीकी पड़ जाए. मनसा मूसा के पास सोने और नमक का ऐसा खजाना था, जो उस समय दुनिया की आधी जरूरत को पूरा करता था. लेकिन जब यह बेहिसाब अमीर राजा साल 1324 में मक्का की हज यात्रा पर निकला, तो उसकी जरूरत से ज्यादा दरियादिली ने मिस्र को कंगाल बना दिया.
इतिहास का सबसे महंगा अमीर तरीन काफिला
मनसा मूसा की हज यात्रा कोई आम सफर नहीं, बल्कि इतिहास का सबसे बड़ा कारवां था. उनके साथ करीब 60 हजार लोगों का काफिला चल रहा था, जिसमें सैनिक, दरबारी और रेशमी कपड़ों में सजे हजारों मददगार शामिल थे. इस काफिले की शान-ओ-शौकत का अंदाजा इस बात से लगाइए कि सैकड़ों ऊंटों पर टनों शुद्ध सोना लदा हुआ था. सफर के दौरान मूसा मिस्र की राजधानी काहिरा पहुंचे. वहां उन्होंने दिल खोलकर सोना बांटना शुरू कर दिया.

यह भी पढ़ें | 41 की उम्र में भी बेटी के भाई लग रहे थे पिता, लोगों ने पूछा जवानी का राज तो बोले- मैं सिर्फ 3 काम करता हूं
खाक में मिल गई सोने की कीमत
गरीबों, व्यापारियों और सरकारी अधिकारियों को मुट्ठी भर-भरकर सोना दिया गया. मूसा ने बाजार से जमकर खरीदारी भी की. नतीजा यह हुआ कि काहिरा में अचानक सोने की बाढ़ आ गई. अब जिस चीज की आमद ज्यादा होगी, उसकी कीमत तो गिरनी ही थी. सोने की वैल्यू मिट्टी में मिल गई और रोजमर्रा की चीजों के दाम आसमान छूने लगे. इतिहास में यह अपनी तरह का पहला मामला था, जब किसी एक इंसान की वजह से बाजार में इतनी भयंकर महंगाई आई. मिस्र की हंसती-खेलती इकोनॉमी पूरी तरह तबाह हो गई.
गलती का एहसास हुआ, तब तक हो गई देर
बाद में जब मूसा को अपनी इस गलती का अहसास हुआ, तो उन्होंने इसे सुधारने की कोशिश भी की. उन्होंने काहिरा के व्यापारियों से ऊंचे ब्याज पर वही सोना वापस उधार लेना शुरू किया ताकि बाजार में सोने की मात्रा कम की जा सके. इसके बावजूद, मिस्र को इस भयानक आर्थिक मंदी से उबरने में पूरे 12 साल लग गए.

यह भी पढ़ें | भारत की सबसे महंगी ट्रेन में 7 दिन तक अमेरिकी यूट्यूबर ने किया सफर, बोले- ऐसा मजा तो यूरोप में भी नहीं आया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं