चीन के एक कैफे की अजीबोगरीब डिश इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है. यहां कॉफी में ऐसे अंडे डाले जा रहे थे, जिन्हें छोटे बच्चों के पेशाब में उबालकर तैयार किया जाता है. इसे पौष्टिक बताकर बेचा जा रहा था, लेकिन वायरल होने के बाद इस पर विवाद खड़ा हो गया.
क्या है पूरा मामला?
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, चीन के झेजियांग प्रांत के एक कैफे में एक खास तरह की कॉफी बेची जा रही थी. इस कॉफी की कीमत करीब 28 युआन (लगभग ₹300-350) थी. इसमें जो अंडे इस्तेमाल किए जाते थे, उन्हें 10 साल से कम उम्र के बच्चों के पेशाब में भिगोकर और उबालकर तैयार किया जाता था. बाद में इन अंडों को रोस्ट करके कॉफी (अमेरिकानो) के ऊपर डाला जाता था. बताया गया कि वीकेंड पर इस कैफे में इस कॉफी के 100 से ज्यादा कप बिक रहे थे.
परंपरा से जुड़ा है ये अजीब तरीका
यह अजीब डिश चीन के डोंगयांग इलाके की एक पुरानी परंपरा से जुड़ी बताई जाती है. यहां यूरिन एग्स को पारंपरिक स्नैक माना जाता है. स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे शरीर को ठंडक मिलती है, हीट स्ट्रोक से बचाव होता है और ऊर्जा बढ़ती है.
डॉक्टरों ने दी चेतावनी
हालांकि, मेडिकल एक्सपर्ट्स इस दावे से सहमत नहीं हैं. एक नेफ्रोलॉजिस्ट (किडनी विशेषज्ञ) ने साफ कहा कि पेशाब मानव शरीर का वेस्ट होता है और इसमें कोई पोषण नहीं होता. डॉक्टरों ने इस तरह के खाने को लेकर साफ-सफाई और सेहत से जुड़े गंभीर सवाल भी उठाए हैं.
सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा
जैसे ही यह मामला वायरल हुआ, सोशल मीडिया पर लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी. एक यूजर ने पूछा, क्या इस तरह की चीजों की सफाई की गारंटी दी जा सकती है? दूसरे ने लिखा, मैं उसी इलाके से हूं, लेकिन मैंने कभी यह नहीं खाया, यह काफी डरावना लगता है.
हालांकि, इस डिश को स्थानीय स्तर पर अमूर्त सांस्कृतिक विरासत का दर्जा दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद लोग इसकी सुरक्षा और नैतिकता पर सवाल उठा रहे हैं. बढ़ते विवाद और आलोचना के बाद कैफे ने इस कॉफी को अपने मेन्यू से हटा दिया है.
यह भी पढ़ें: घर से दूर रह रही बेटी से रोज CCTV के जरिए बात करते हैं मम्मी-पापा, ऐसे पूछते हैं हालचाल, Video रुला देगा
इतना महंगा इलाज? मामूली बुखार पर डॉक्टर ने बना दिया 10 हजार का बिल, देखकर मरीज रह गया दंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं