विज्ञापन
35 minutes ago
इस्लामाबाद:

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान बातचीत की टेबल पर तो आए लेकिन दोनों में कोई बात नहीं बनी. इस्लामाबाद में 21 घंटे तक चली बातचीत बेनतीजा रही है. अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने रविवार को इस्लामाबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि कई मुद्दों पर बात हुई लेकिन बातचीत किसी नतीजे पर नहीं पहुंची. उन्होंने कहा कि वह बिना किसी डील के अमेरिका वापस लौट रहे हैं. हालांकि, इससे पहले व्हाइट हाउस और ईरान, दोनों ने कहा था कि कुछ मतभेदों के बावजूद बातचीत जारी है

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के नेतृत्व वाले अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल और संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गलिबाफ के नेतृत्व वाले ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तान के साथ शनिवार को इस बात पर चर्चा की कि सीजफायर को कैसे आगे बढ़ाया जाए. दो हफ्तों का यह सीजफायर लेबनान में इजरायली हमलों के कारण खतरे में है.

अब तक क्या-क्या हुआ?

  1. अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉप और ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर शामिल हैं. वहीं, ईरान की ओर से संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गलिबा, विदेश मंत्री अब्बास अराघची और सीनियर डिप्लोमैट अली बाघेरी कानी शामिल हैं.
  2. बातचीत दोपहर 1 बजे इस्लामबाद के सेरेना होटल में ईरानी नेताओं ने बातचीत शुरू की थी. अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल से बातचीत से पहले ईरानी नेताओं ने पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ से मुलाकात की थी. यह चर्चा 15 घंटे से भी ज्यादा चली और रविवार तड़के लगभग 3 बजकर 40 मिनट पर खत्म हुई.
  3. अमेरिका और ईरान के बीच ये बातचीत इस्लामाबाद के सेरेना होटल में हो रही है. पाकिस्तान इसमें मध्यस्थता कर रहा है. अमेरिकी और ईरानी नेता अलग-अलग कमरे में बैठे हैं और पाकिस्तान एक-दूसरे तक मैसेज भेज रहा है.
  4. ईरान की सरकारी मीडिया प्रेस टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को दिनभर चली बातचीत के बाद दोनों प्रतिनिधिमंडलों ने दिनभर बनी सहमति को लिखित रूप में दर्ज किया और एक-दूसरे से दस्तावेज साझा किए.
  5. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'वे कई घंटों से मिल रहे हैं. हम देखेंगे कि क्या होता है. इससे कोई फर्क नहीं पड़ता. जीत हमारी ही होगी. हो सकता है कि वे कोई डील करलें. हो सकता है कि न करें. इससे कोई फर्क नहीं पड़ता. अमेरिका के नजरिए से जीत हमारी ही है. जहाज रवाना हो रहे हैं और हमारे देश की ओर बढ़ रहे हैं. हम बड़े-बड़े टैंकरों में तेल और गैस भर रहे हैं.'
  6. ईरान का कहना है कि कुछ मतभेदों के बावजूद बातचीत जारी रहेगा. ईरान की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पाकिस्तान के प्रस्ताव पर और ईरान और अमेरिका की टीमों की सहमति से बातचीत का एक राउंड और होगा.
  7. अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि ईरान ने हमारी बातचीत नहीं मानी. उन्होंने कहा कि कई मुद्दों पर बातचीत हुई थी और हमने उन्हें अपनी रेड लाइन्स बता दी थीं लेकिन उन्होंने हमारी बात नहीं मानी. उन्होंने कहा कि वह बिना डील के अमेरिका वापस जा रहे हैं.

2-3 मामलों में मतभेद थेः ईरान

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने कहा कि ईरान और अमेरिका ने कई मुद्दों पर बात की. कई मुद्दों पर एक राय बन गई थी लेकिन 2-3 मामलों पर मतभेद थे. उन्होंने कहा कि यह बातचीत अविश्वास और संदेह के माहौ में हुई थी स्वाभाविक है कि हमें शुरू से ही यह उम्मीद नहीं करनी चाहिए थी कि एक ही बैठक में कोई समझौता हो जाएगा.

बातचीत से हटने का बहाना ढूंढ रहा था अमेरिकाः ईरान

ईरान और अमेरिका के बीच इस्लामाबाद में हुई बातचीत बेनतीजा रही है. ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी ने ईरानी प्रतिनिधिमंडल के करीबी सूत्र के हवाले से बताया है कि अमेरिका बातचीत की मेज से हटने का कोई बहाना ढूंढ रहा था. सूत्र ने कहा, 'अमेरिकियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी खोई हुई साख को बचाने के लिए बातचीत की जरूरती थी र ईरान के साथ युद्ध में हार और गतिरोध के बावजूद वे अपनी उम्मीदें कम करने को तैयार नहीं थे.' सूत्र ने यह भी बताया कि ईरान के पास बातचीत के अगले राउंड की कोई योजना नहीं है.

जेडी वेंस बोले- यह बुरी खबर है

जेडी वेंस ने कहा कि 'बातचीत में जो भी कमियां रहीं, वह पाकिस्तानियों की वजह से नहीं थीं. उन्होंने बहुत ही शानदार काम किया और सचमुच हमारी और ईरानियों की मदद करने की कोशिश की, ताकि हमारे बीच की खाई पट सके और कोई समझौता हो सके. हम पिछले 21 घंटों से इस काम में लगे हुए हैं और हमने ईरानियों के साथ कई अहम चर्चाएं की हैं.' उन्होंने कहा, 'बुरी खबर यह है कि हम किसी समझौते पर नहीं पहुंच पाए हैं और मुझे लगता है कि यह अमेरिका के मुकाबले ईरान के लिए ज्यादा बुरी खबर है. इसलिए हम बिना किसी समझौते पर पहुंचे ही अमेरिका वापस जा रहे हैं. हमने यह बहुत साफ कर दिया है कि हमारी रेड लाइन्स क्या हैं. हम किन बातों को मानने को तैयार हैं और किन बातों पर हम उनकी बात नहीं मानेंगे. लेकिन उन्होंने हमारी शर्तें मानने से इनकार कर दिया.'

जेडी वेंस बोले- बिना डील के लौट रहे हैं

इस्लामाबाद में ईरान के साथ बातचीत के बाद अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि ईरान ने हमारी शर्तें नहीं मानीं. उन्होंने कहा कि ईरान के साथ कई मुद्दों पर बातचीत हुई लेकिन किसी सहमति पर नहीं पहुंच पाए हैं. उन्होंने इसे बुरी खबर बताई. उन्होंने कहा कि बिना किसी डील के अमेरिका वापस लौट रहे हैं.

होर्मुज पर पाकिस्तान ने रखा प्रस्ताव

होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच असहमति बनी हुई है. इस बीच अल-जजीरा ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि पाकिस्तान ने होर्मुज स्ट्रेट को लेकर एक प्रस्ताव रखा है. इसमें उसने होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों को रेगुलेट करने का प्रस्ताव दिया है. साथ ही जॉइंट पेट्रोलिंग का प्रस्ताव भी शामिल है.

थोड़ी देर में जेडी वेंस की प्रेस कॉन्फ्रेंस

ईरानी नेताओं के साथ हुई बातचीत के बाद रविवार को अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं. कुछ ही देर में उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू होगी.

ईरान की मांगें क्या हैं?

दो हफ्ते के सीजफायर के दौरान ईरान ने अपनी 10 शर्तें बताई थीं. ईरान उन्हीं पर अड़ा है. ईरान ने एक बार फिर कहा कि इस्लामाबाद में कई मुद्दों पर बातचीत हुई. इनमें होर्मुज स्ट्रेट, परमाणु कार्यक्रम, युद्ध का हर्जाना, प्रतिबंधों को हटाना और ईरान और लेबनान समेत क्षेत्र में चल रहे युद्ध को पूरी तरह खत्म करना शामिल है.

क्यों नहीं बनी बातचीत?

15 घंटे लंबी बातचीत के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकला. सूत्रों का कहना है कि होर्मुज स्ट्रेट को लेकर असहमति बनी हुई है, जिस कारण बातचीत किसी नतीजे पर नहीं पहुंची. सूत्रों ने बताया कि ईरानी टीम ने होर्मुज स्ट्रेट पर अपना फुल कंट्रोल बनाए रखने पर जोर दिया. साथ ही साथ यहां से निकलने वाले जहाजों पर टोल लगाने का अधिकार भी मांगा.

सीधी बातचीत लेकिन कोई नतीजा नहीं

शनिवार दोपहर को अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत शुरू हुई थी, जिसमें पाकिस्तान मध्यस्थता कर रहा था. हालांकि, देर रात अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधिमंडल ने आमने-सामने बैठकर सीधी बातचीत की लेकिन इसका भी कोई नतीजा नहीं निकला.

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com