विज्ञापन

अमेरिका में उड़ानों पर ब्रेक; FAA ने पूरे देश में फ्लाइट्स रोकीं, 15 लाख यात्री प्रभावित, कैसे आया तकनीकी संकट

अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों की संचार व्यवस्था में आई दिक्कत के बाद FAA ने देशभर में उड़ानों पर अस्थायी रोक लगा दी. 600 से अधिक उड़ानें डायवर्ट हुईं और लाखों यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई.

अमेरिका में उड़ानों पर ब्रेक; FAA ने पूरे देश में फ्लाइट्स रोकीं, 15 लाख यात्री प्रभावित, कैसे आया तकनीकी संकट
US एयरस्पेस में अफरा-तफरी, अमेरिका में सभी उड़ानें रोकी गईं
अल्टर्ड बाय NDTV
  • अमेरिका में अचानक सभी उड़ानें रोकी गईं, एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में गड़बड़ी
  • US एयरस्पेस में अफरा-तफरी, हजारों उड़ानों के शेड्यूल पर संकट
  • 600 से ज्यादा उड़ानें डायवर्ट, 15 लाख यात्री प्रभावित
वाशिंगटन:

अमेरिका में अचानक सभी उड़ानों को रोकने के फैसले के बाद हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है. कम्युनिकेशन सिस्टम में खामी आने की वजह से फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने पूरे देश में उड़ानों पर अस्थायी रोक लगा दी है. एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों के बीच संपर्क नहीं हो पाने से सैकड़ों फ्लाइट डायवर्ट करनी पड़ीं, जिससे लाखों यात्री प्रभावित हुए. इस व्यवधान का असर केवल यात्री उड़ानों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय सेवाओं, कार्गो ऑपरेशंस और NBA, NHL तथा कॉलेज स्पोर्ट्स टीमों की यात्रा योजनाएं भी प्रभावित हुईं. एफएए ने कहा है कि टेक्निकल एक्सपर्ट जांच में जुटे हैं.

संचार व्यवस्था ठप, कुछ उड़ानों को मिली छूट

अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी के मुताबिक रीजनल एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर में कम्युनिकेशन से जुड़ी समस्या सामने आई है. ये एसीटी सेंटर अमेरिका के विभिन्न हवाई अड्डों के बीच उड़ानों का संचालन नियंत्रित करते हैं. उन्होंने कहा कि एफएए के तकनीकी विशेषज्ञ समस्या के कारणों की जांच कर रहे हैं और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है.

वहीं ग्राउंड स्टॉप के बावजूद कुछ विशेष उड़ानों को उड़ान भरने की अनुमति दी गई. अलास्का और हवाई के भीतर संचालित होने वाली घरेलू उड़ानों के अलावा अमेरिका से बाहर जाने वाली कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को भी अनुमति दी गई.

सैन फ्रांसिस्को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर जारी बयान में बताया कि प्रशांत महासागर की ओर जाने वाली उड़ानों को बाद में रवाना होने की मंजूरी दे दी गई. इनमें हवाई और एशियाई देशों के लिए उड़ानें भी शामिल थीं.

एयर इंडिया ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी

एयर इंडिया ने अमेरिका आने-जाने वाल यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी उड़ान की अपडेटेड स्टेटल चेक कर लें और उसी के अनुसार एयरपोर्ट के लिए अपनी यात्रा प्लान करें. एयर इंडिया ने आगे कहा कि हमारी टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और जैसे ही नई जानकारी उपलब्ध होगी, उसे साझा किया जाएगा.

'बेटी की शादी में कैसे पहुंच पाएंगे?'

इस संकट से प्रभावित एक यात्री लिली टकर जो अपनी बेटी की शादी में होने जा रहे थे, उनका कहना है कि 'मेरी बेटी की कल शादी है, इसलिए हम लगातार यही सोच रहे हैं कि वहां कैसे पहुंचें. उम्मीद है कि यह समस्या जल्द खत्म हो जाएगी, क्योंकि कोई भी अपनी बेटी की शादी मिस नहीं करना चाहता. बहुत सारे लोग ऐसे हैं जो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो पाएंगे.'

एक अन्य यात्री फेथ थॉमस का कहना है कि 'मैं अपने ग्रेजुएशन समारोह में शामिल होने जा रही थी. मैं बहुत उत्साहित थी. यहां मेरे साथ का दोस्त मुझसे पहले यहां पहुंच गया था. उसने हमें बताया कि एफएए के नियमों के कारण सभी उड़ानें रोक दी गई हैं. हमें बस इतनी ही जानकारी दी गई. मुझे नहीं पता कि हमारी उड़ान कब रवाना होगी. मेरा ख्याल है कि उन्होंने करीब सात घंटे की बात कही थी. इसलिए फिलहाल हम यहीं फंसे हुए हैं.'

जॉन ओ'कॉनेल का कहना है कि 'अगर FAA को ऐसा करना पड़ा है तो जरूर कोई ठोस कारण होगा. अगर यह सुरक्षा के लिहाज से है, तो हमें इसे स्वीकार करना होगा.' जबकि रॉबर्ट थॉमस ने बताया कि 'हम आज रात यहीं रुकने वाले हैं. मैं दोबारा पार्किंग का पैसा और घर वापस जाने के लिए उबर का किराया नहीं देना चाहता. हम तो बस लॉस एंजिलिस पहुंचना चाहते हैं और अपने वीकेंड का आनंद लेना चाहते हैं.'

15 लाख से ज्यादा यात्रियों पर असर, यूरोप और मेक्सिको ने भी रोकी उड़ानें

शुक्रवार शाम 4 बजे के बाद अमेरिका के विभिन्न हवाई अड्डों से लगभग 11,000 उड़ानों के उड़ान भरने का कार्यक्रम था. इन उड़ानों में 15 लाख से अधिक यात्रियों के सफर की योजना शामिल थी. विशेषज्ञों का मानना है कि ग्राउंड स्टॉप के कारण बड़ी संख्या में उड़ान रद्द होने और देरी की स्थिति पैदा हुई. FAA के अनुरोध पर यूरोपीय विमानन एजेंसी ने अमेरिका जाने वाली उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया. यह निर्णय पूर्वी समयानुसार शाम 5 बजे से मध्यरात्रि तक लागू रहा. उधर मेक्सिको की संघीय विमानन एजेंसी ने भी अमेरिका के लिए निर्धारित सभी उड़ानों को फिलहाल रोक दिया.

600 से अधिक उड़ानें हुईं डायवर्ट

एविएशन एनालिटिक्स कंपनी सिरियम के अनुसार शाम तक कम से कम 600 उड़ानों को मार्ग बदलना पड़ा. इनमें 496 उड़ानों को उसी हवाई अड्डे पर वापस लौटना पड़ा जहां से उन्होंने उड़ान भरी थी, जबकि 104 विमानों को दूसरे हवाई अड्डों पर भेजा गया. सबसे अधिक डायवर्ट की गई उड़ानें शिकागो ओ'हारे, डेनवर इंटरनेशनल, डलास फोर्ट वर्थ और रोनाल्ड रीगन वाशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचीं.

सितंबर 2001 के बाद सबसे बड़ी बाधा

जनवरी 2023 के बाद यह पहला मौका है जब एफएए ने पूरे देश में ग्राउंड स्टॉप लागू किया है. इससे पहले जनवरी 2023 में एफएए के एक महत्वपूर्ण कंप्यूटर सिस्टम में खराबी आ गई थी. वहीं राष्ट्रव्यापी स्तर पर ऐसा व्यवधान 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद पहली बार देखने को मिला था. अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के सचिव मार्कवेन मुलिन ने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि यह किसी प्रकार का दुर्भावनापूर्ण साइबर हमला था. उन्होंने इसे दूरसंचार व्यवस्था में आई तकनीकी बाधा बताया.

कार्गो सेवाओं और FedEx पर असर

दुनिया की सबसे बड़ी कार्गो एयरलाइन FedEx ने कहा कि वह स्थिति पर लगातार नजर रख रही है. कंपनी ने कहा कि सेवा बाधित न हो, इसके लिए वैकल्पिक योजनाएं तैयार रखी गई हैं और एफएए से अनुमति मिलते ही सामान्य उड़ान संचालन बहाल कर दिया जाएगा. विमानन उद्योग के आंकड़ों के अनुसार अमेरिकी एयरलाइंस प्रतिदिन 220 से अधिक देशों के बीच लगभग 61,000 टन सामान का परिवहन करती हैं.

खिलाड़ी नहीं हो सके रवाना

उड़ानों पर रोक का असर खेल जगत पर भी पड़ा. एनबीए, एएचएल और कॉलेज की स्पोर्ट्स टीमों की यात्राएं प्रभावित हुईं. कई कॉलेज फुटबॉल टीमें अपने निर्धारित मुकाबलों के लिए रवाना नहीं हो सकीं. यूटा, टेक्सास और टेनेसी जैसी शीर्ष रैंकिंग वाली टीमें भी प्रभावित रहीं. NBA की ब्रुकलिन नेट्स टीम भी उन टीमों में शामिल रही जिनकी उड़ान रोक दी गई. वहीं NHL की कई टीमें भी अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सकीं.

माइक्रोसॉफ्ट ने जारी किया स्पष्टीकरण

इन सबके बीच माइक्रोसॉफ्ट ने स्पष्ट किया कि एफएए की समस्या का कंपनी की हालिया ऑनलाइन सेवाओं में आई तकनीकी दिक्कत से कोई संबंध नहीं है. कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि दोनों घटनाएं आपस में जुड़ी हुई हैं. एफएए की टीम के अधिकारियों का कहना है कि ग्राउंड स्टॉप हटने के बाद भी देशभर में उड़ान संचालन सामान्य होने में कई घंटे लग सकते हैं.

यह भी पढ़ें : लॉस एंजिलिस एयरपोर्ट पर डेल्टा और एयर कनाडा के विमानों की टक्कर, बाल-बाल बचे 275 यात्री

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
FAA, US Flights, Air Traffic Control, Communications, Flight Diversions
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com