विज्ञापन

VIDEO: अमेरिका का B-52 बॉम्बर उड़ान भरते ही क्रैश, राख और धुएं के सिवा कुछ न बचा- 8 की मौत

B-52 क्रैश होने के बाद के सामने आए वीडियो में जमीन पर एक बड़ा जला हुआ क्षेत्र दिखाई दे रहा है. विमान का बहुत कम हिस्सा बचा और बस राख नजर आया.

VIDEO: अमेरिका का B-52 बॉम्बर उड़ान भरते ही क्रैश, राख और धुएं के सिवा कुछ न बचा- 8 की मौत
US B-52 bomber crashes: अमेरिकी सेना का बॉम्बर क्रैश (फोटो- AFP)
  • अमेरिका के कैलिफोर्निया में सोमवार को एक बड़ा सैन्य विमान हादसा हुआ, सेना का B-52 बॉम्बर क्रैश हो गया
  • हादसे की वजह से बॉम्बर में सवार सभी 8 लोगों के मारे गए हैं
  • बॉम्बर 8 लोगों को लेकर रूटीन टेस्ट मिशन पर निकला था लेकिन उड़ान भरते ही यह क्रैश हो गया

अमेरिका के कैलिफोर्निया में सोमवार, 15 जून को एक बड़ा सैन्य विमान हादसा हुआ. अमेरिकी वायुसेना का बम बरसाने वाला B-52 बॉम्बर क्रैश हो गया. इसमें सवार सभी 8 लोगों की दुखद मौत हो गई है. हादसे के बाद सामने आए वीडियो में भीषण आग के बाद विमान लगभग पूरी तरह तबाह होता दिखाई दे रहा है. यह क्रैश दोपहर के समय कैलिफोर्निया स्थित एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस पर हुआ. यह अमेरिकी सेना का एक बड़ा ऑपरेशन केंद्र है, जो लॉस एंजिलिस से लगभग 95 किलोमीटर उत्तर में स्थित है.

एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस के बयान के अनुसार, "8 लोगों को लेकर रूटीन टेस्ट मिशन पर गया वायुसेना का B-52 स्ट्रैटोफोर्ट्रेस विमान आज सुबह 11:20 बजे उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद क्रैश हो गया. शुरुआती संकेत बताते हैं कि इस हादसे में किसी के बचने की संभावना नहीं है."

बयान में कहा गया कि इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम मौके पर मौजूद हैं और सभी कर्मियों की जानकारी जुटाने का काम किया जा रहा है. साथ ही बताया गया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है. इसके साथ एयर बेस ने सोशल मीडिया पर कहा कि इस एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है और आने वाले सभी विमानों को दूसरी जगह भेजा जा रहा है.

एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार बेस के एक प्रवक्ता ने इस मामले में कोई और जानकारी देने से इनकार कर दिया.

वीडियो में क्या दिखा?

हादसे के एरियल फुटेज में जमीन पर एक बड़ा जला हुआ क्षेत्र दिखाई दिया. ऐसा लग रहा था कि विमान का बहुत कम हिस्सा बचा है. वहीं एक ब्रॉडकास्ट हेलीकॉप्टर (मीडिया के) में मौजूद पत्रकार ने बताया कि हादसे के बाद काफी देर तक काले धुएं का एक बड़ा गुबार दिखाई दे रहा था. मौके पर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम की कई गाड़ियां भी तैनात नजर आईं.

B-52 क्या है?

B-52 एक भारी बम गिराने वाला फाइटर प्लेन है, जिसने पहली बार 1954 में उड़ान भरी थी. इसे मूल रूप से सोवियत संघ (पहले का रूस) के साथ संभावित युद्ध को ध्यान में रखकर बनाया गया था. शीत युद्ध (कोल्ड वॉर) खत्म होने के बाद भी इसे लगातार आधुनिक बनाया जाता रहा, ताकि यह दशकों तक अमेरिकी सेना के काम आ सके.

यह विशाल बॉम्बर विमान बमों और क्रूज मिसाइलों समेत कई प्रकार के हथियार ले जा सकता है.

  • इसके विंग्स का फैलाव: 185 फीट (56 मीटर)
  • लंबाई: 159 फीट (48 मीटर)

अमेरिकी वायुसेना के अनुसार, इस विमान को आमतौर पर 5 लोग ऑपरेट करते हैं- एयरक्राफ्ट कमांडर, पायलट, रडार नेविगेटर, नेविगेटर और इलेक्ट्रॉनिक वॉर ऑफिसर. यह विमान युद्ध मोड़ में 8,800 मील तक की दूरी तय कर सकता है और परमाणु हथियार ले जाने में भी सक्षम है. अमेरिका ने इस विमान का इस्तेमाल वियतनाम, खाड़ी युद्ध, इराक, अफगानिस्तान और हाल ही में ईरान से जुड़े अभियानों में भी किया है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Plane Crash, B-52 Bomber Crashed, Us Army Power
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com