विज्ञापन
This Article is From May 29, 2020

ट्विटर ने नियमों के खिलाफ बताते हुए डोनाल्ड ट्रम्प के इस ट्वीट पर की यह कार्रवाई

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प (Donald Trump) ने अश्वेत नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड (George Floyd) की मौत पर दो ट्वीट किए थे. ट्रम्प के एक ट्वीट को नियमों का उल्लंघन बताते हुए ट्विटर ने उसे हाइड कर दिया है.

Also Read in
ट्विटर ने नियमों के खिलाफ बताते हुए डोनाल्ड ट्रम्प के इस ट्वीट पर की यह कार्रवाई
डोनाल्ड ट्रम्प ने जॉर्ज फ्लॉयड की मौत पर ट्वीट किए थे. (फाइल फोटो)
  • डोनाल्ड ट्रम्प और ट्विटर में चल रही तकरार
  • ट्विटर ने छुपाया डोनाल्ड ट्रम्प का ट्वीट
  • ट्रम्प ने जॉर्ज फ्लॉयड की मौत पर किए थे ट्वीट
वॉशिंगटन:

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प (Donald Trump) ने आज (शुक्रवार) अश्वेत नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड (George Floyd) की मौत पर दो ट्वीट किए थे. ट्रम्प के एक ट्वीट को नियमों का उल्लंघन बताते हुए ट्विटर ने उसे हाइड कर दिया है. ट्विटर ने कथित ट्वीट के बारे में सफाई देते हुए लिखा है, 'इस ट्वीट ने हिंसा को बखान करने के बारे में ट्विटर नियमों का उल्लंघन किया है. हालांकि, ट्विटर ने यह निर्धारित किया है कि ट्वीट का सुलभ रहना जनता के हित में हो सकता है.'

डोनाल्ड ट्रम्प के ट्वीट को देखने के लिए ट्विटर ने उसके पास 'व्यू' ऑप्शन दिया है. उस पर क्लिक कर आप वह ट्वीट देख सकते हैं. दरअसल आज सुबह (भारतीय समयानुसार) ट्रम्प ने जॉर्ज फ्लॉयड की मौत और अमेरिका के मिनेसोटा स्थित मिनेपोलिस शहर व आसपास के इलाकों में हो रहे हिंसक प्रदर्शनों पर दो ट्वीट के जरिए अपनी बात रखी थी.

8d499i8g

ट्रम्प ने पहले ट्वीट में लिखा था, 'मैं पीछे खड़ा नहीं रह सकता और ये सब एक महान अमेरिकन शहर मिनेपोलिस में होते नहीं देख सकता. पूरी तरह से नेतृत्व की कमी. या तो मेयर जैकब फ्रे इस मामले में कार्रवाई करें और शहर को नियंत्रित करें या फिर मैं नेशनल गार्ड वहां भेजूंगा और इस काम को ठीक से करूंगा.'

डोनाल्ड ट्रम्प के जिस ट्वीट पर ट्विटर ने आपत्ति जताई, उसमें अमेरिकी राष्ट्रपति ने लिखा था, 'ये ठग जॉर्ज फ्लॉयड की स्मृति का अनादर कर रहे हैं और मैं ऐसा नहीं होने दूंगा. अभी गवर्नर टिम वॉल्ज से बात की और उनसे कहा कि मिलिट्री पूरी तरह से उनके साथ है. जरा भी मुश्किल होगी और हम नियंत्रण कर लेंगे. जब लूट शुरू होती है तो गोलियां भी चलती हैं. धन्यवाद.'

जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद बीते बुधवार की देर रात शहर के कई स्टोर्स में लूटपाट की गई. अधिकारियों ने इस बाबत लोगों को चेतावनी दी कि वह किसी भी तरह की हिंसक घटनाएं, लूटपाट बर्दाश्त नहीं करेंगे. जॉर्ज फ्लॉयड की मौत की जांच की जा रही है. सेंट पॉल के पुलिस प्रमुख टोड एक्सटेल ने कहा, 'हम जानते हैं कि लोगों में गुस्सा है. हम जानते हैं कि बहुत लोग दुखी हुए हैं लेकिन हम इसे अपराध करने के अवसर के रूप में उपयोग करने वाले लोगों को बर्दाश्त नहीं कर सकते.'

बता दें कि बीते सोमवार को एक रेस्टोरेंट के सिक्योरिटी गार्ड जॉर्ज फ्लॉयड को जालसाजी से जुड़े एक मामले में पुलिस ने पकड़ा था. घटना का एक वीडियो वायरल हुआ था. वीडियो में साफ दिख रहा है कि जॉर्ज ने गिरफ्तारी के समय किसी तरह का विरोध नहीं किया. पुलिस ने उसके हाथों में हथकड़ी पहनाई और जमीन पर लिटा दिया. जिसके बाद एक पुलिस अधिकारी ने उसकी गर्दन को घुटनों से दबा दिया. जॉर्ज कहता रहा कि वह सांस नहीं ले पा रहा है और कुछ ही देर में वह बेहोश हो गया. अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया. जॉर्ज की मौत से लोग आक्रोशित हो गए और रंगभेद की बात पर शहर में बवाल शुरू हो गया.

शहर की कई दुकानों में लूटपाट की खबरें हैं. पुलिस ने लोगों को काबू में करने के लिए आंसू गैस और रबर बुलेट का इस्तेमाल किया. गोली लगने से एक शख्स की मौत हुई है. पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है कि क्या किसी स्टोर के मालिक ने उस शख्स को गोली मारी है. व्हाइट हाउस ने इस मामले में बयान जारी करते हुए कहा था कि राष्ट्रपति ट्रम्प इस घटना से बेहद दुखी हैं और वह चाहते हैं कि जॉर्ज फ्लॉयड को इंसाफ मिले.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Donald Trump, George Floyd, Twitter, Donald Trump And Twitter War
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com