विज्ञापन

30 साल में बनाई Nvidia, अब कौन संभालेगा कंपनी की कमान; CEO जेनसन हुआंग पर जांच के बीच नेतृत्व पर उठे सवाल

दुनिया की सबसे मूल्यवान AI कंपनी Nvidia एक ऐसे मोड़ पर खड़ी है जहां सवाल सिर्फ CEO जेनसन हुआंग पर चल रही जांच का नहीं, बल्कि कंपनी के भविष्य का भी है. 30 साल तक Nvidia की पहचान रहे हुआंग के बाद कमान कौन संभालेगा?

30 साल में बनाई Nvidia, अब कौन संभालेगा कंपनी की कमान; CEO जेनसन हुआंग पर जांच के बीच नेतृत्व पर उठे सवाल
जेनसन हुआंग के बाद कंपनी कौन चलाएगा!
  • दुनिया की सबसे मूल्यवान AI कंपनी में सक्सेशन संकट, कौन लेगा Jensen Huang की जगह?
  • Nvidia CEO पर जांच शुरू, बोर्ड पर भी उठ रहे हैं सवाल
  • जेनसन हुआंग पर निर्भरता बनी Nvidia की सबसे बड़ी चुनौती
वाशिंगटन:

जेनसन हुआंग से जुड़े विवाद और बोर्ड जांच के बाद Nvidia में नेतृत्व और उत्तराधिकार को लेकर नई बहस शुरू हो गई है. दुनिया की सबसे मूल्यवान AI कंपनी मानी जाने वाली Nvidia पिछले तीन दशकों में हुआंग के नेतृत्व में ग्लोबल टेक पावर बनी है.अब कंपनी के CEO जेनसन हुआंग को लेकर शुरू हुई बोर्ड जांच ने न केवल कॉरपोरेट गवर्नेंस बल्कि उत्तराधिकारी को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. हाल ही में हुआंग ने एक महिला के साथ लव अफेयर होने की बात स्वीकार की थी, जिसे अमेरिकी खुफिया एजेंसियां चीनी जासूस बता चुकी हैं. इसके बाद एनवीडिया के निदेशक मंडल के सामने जांच और नेतृत्व, दोनों मोर्चों पर बड़ी जिम्मेदारी आ गई है.

जेनसन हुआंग फिलहास CEO बने रहेंगे

सोमवार को अमेरिका के कैलिफोर्निया के उत्तरी जिला न्यायालय में एनवीडिया और जेनसन हुआंग के खिलाफ शेयरधारकों की एक क्लास-एक्शन याचिका भी दायर की गई. हालांकि कंपनी ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान भी हुआंग CEO के रूप में काम करते रहेंगे. कंपनी का कहना है कि जांच के लिए स्वतंत्र कानूनी सलाहकार नियुक्त किए जाएंगे और उनके चयन में हुआंग की कोई भूमिका नहीं होगी.

बोर्ड पर भी उठ रहे सवाल

एनवीडिया का 10 सदस्यीय बोर्ड लंबे समय से जेनसन हुआंग के साथ जुड़ा रहा है. कई सदस्यों ने कंपनी के शुरुआती दौर से उनके साथ काम किया है और कंपनी की सफलता से उन्हें भी बड़ा आर्थिक लाभ मिला है. रिपोर्ट के मुताबिक बोर्ड सदस्यों ने संयुक्त रूप से 161 वर्षों तक कंपनी के निदेशक मंडल में सेवाएं दी हैं. ऐसे में अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या बोर्ड स्वतंत्र रूप से अपने ही CEO की निष्पक्ष जांच कर पाएगा. पूर्व कर्मचारियों ने दावा किया है कि हुआंग बोर्ड को अक्सर एक औपचारिक प्रशासनिक व्यवस्था की तरह देखते थे, जबकि रणनीतिक फैसलों के केंद्र में खुद बने रहते थे.

जेनसन हुआंग पर हद से ज्यादा निर्भर हो गई है कंपनी

एनवीडिया की प्रबंधन संरचना अन्य टेक कंपनियों से काफी अलग मानी जाती है. जेनसन हुआंग के पास 60 से अधिक अधिकारी सीधे रिपोर्ट करते हैं. कम प्रबंधन स्तर और तेज फैसलों की यह व्यवस्था लंबे समय तक कंपनी की ताकत रही है. इसी मॉडल की बदौलत एनवीडिया ने AI क्षेत्र में तेजी से बढ़त हासिल की, लेकिन अब विशेषज्ञों का कहना है कि कंपनी एक व्यक्ति पर अत्यधिक निर्भर हो गई है. यही वजह है कि मौजूदा विवाद के बाद नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा और तेज हो गई है.

सबसे बड़ा सवाल: हुआंग के बाद कौन?

63 वर्षीय जेनसन हुआंग एनवीडिया की पहचान बन चुके हैं. कंपनी के अंदर फिलहाल कोई ऐसा स्पष्ट चेहरा नहीं माना जाता जिसे उनका स्वाभाविक उत्तराधिकारी कहा जा सके. पूर्व अधिकारियों के अनुसार वर्षों से उत्तराधिकार योजना पर चर्चा होती रही, लेकिन हुआंग खुद इसके पक्ष में नहीं थे. आर्म होल्डिंग्स के CEO रेने हास, जो पहले एनवीडिया में काम कर चुके हैं, ने कहा कि हुआंग का मानना था कि उत्तराधिकारी तय करने से वरिष्ठ अधिकारियों के बीच प्रतिस्पर्धा और गुटबाजी बढ़ सकती है. 2023 में हुआंग ने कहा था कि वह अगले तीन या चार दशक तक कंपनी का नेतृत्व कर सकते हैं.

शुरुआती निवेशकों को मिला अरबों डॉलर का फायदा

1993 में जब एनवीडिया वीडियो गेम चिप बनाने वाली एक छोटी स्टार्टअप थी, तब Sequoia Capital और Sutter Hill Ventures ने इसमें 20 लाख डॉलर का निवेश किया था. उस निवेश का फायदा आज भी दिखाई देता है. शुरुआती निवेशक मार्क ए. स्टीवंस और टेंच कॉक्से कंपनी के सबसे बड़े व्यक्तिगत शेयरधारकों में शामिल हैं. उनकी हिस्सेदारी अरबों डॉलर की बताई जाती है. वहीं जेनसन हुआंग स्वयं कंपनी के सबसे बड़े व्यक्तिगत शेयरधारक हैं और उनके पास एनवीडिया की 3.56 प्रतिशत हिस्सेदारी है.

परिवार के सदस्य भी अहम पदों पर

रिपोर्ट के अनुसार हुआंग के परिवार के तीन सदस्य भी कंपनी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं. उनके बेटे स्पेंसर हुआंग प्रोडक्ट मैनेजमेंट के निदेशक हैं और रोबोटिक्स प्रोजेक्ट्स में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. बेटी मैडिसन हुआंग प्रोडक्ट मार्केटिंग की वरिष्ठ निदेशक हैं, जबकि दामाद निको कैप्रेज बिजनेस डेवलपमेंट से जुड़े हैं. इसी वजह से समय-समय पर यह चर्चा भी होती रही है कि क्या भविष्य में परिवार का कोई सदस्य नेतृत्व संभाल सकता है. हालांकि हाल में जब हुआंग से पूछा गया कि क्या उनकी बेटी भविष्य में CEO बन सकती हैं, तो उन्होंने जवाब दिया, 'मैं उसके लिए यह जिम्मेदारी नहीं चाहता.'

'मेरे जैसा दूसरा कोई नहीं होगा'

जेनसन हुआंग पहले भी अपने नेतृत्व मॉडल का बचाव कर चुके हैं. उनका कहना है कि यदि CEO अपना काम सही तरीके से नहीं करता तो बोर्ड उसे हटा सकता है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा था, 'मेरे जैसा दूसरा कोई नहीं होगा, क्योंकि मुझे इस कंपनी ने तैयार किया है.'

यह भी पढ़ें : nVIDIA में कौन तय करेगा जेनसेन हुआंग का भविष्य? दुनिया की सबसे ताकतवर AI कंपनी के बोर्ड पर टिकी सबकी निगाहें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jensen Huang, Nvidia CEO, Nvidia, NVIDIA Board, Nvidia Board Investigation
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com