अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग यानी डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) और इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) ने वकील सूरज राज सिंह के खिलाफ 4 लाख 70 हजार डॉलर यानी करीब 4 करोड़ रुपये से ज्यादा का सिविल जुर्माना लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. अमेरिकी एजेंसी होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशंस (HSI) के मुताबिक, सूरज राज सिंह पूरे अमेरिका में इमिग्रेशन मामलों की पैरवी करते हैं और ज्यादातर भारतीय मूल के लोगों के लिए शरण (Asylum) की अर्जी दाखिल करते रहे हैं.
जांच में आरोप है कि उन्होंने अपने कई क्लाइंट्स की ओर से ऐसे दस्तावेज जमा किए जिनमें एक जैसी भाषा, एक जैसी कहानी और लगभग एक जैसे तथ्यों का इस्तेमाल किया गया. एजेंसी का कहना है कि अलग-अलग लोगों की याचिकाओं में उत्पीड़न की कहानी तक लगभग कॉपी-पेस्ट की गई थी.
ICE के मुताबिक अब तक 54 इमिग्रेशन मामलों की जांच में सामने आया है कि वकील ने कथित तौर पर 118 फर्जी दस्तावेज तैयार कर अदालत में दाखिल किए. इन्हीं आरोपों के आधार पर उनके खिलाफ 4 लाख 70 हजार 584 डॉलर का अधिकतम जुर्माना प्रस्तावित किया गया है. फिलहाल यह नोटिस ऑफ इंटेंट टू फाइन है, यानी जुर्माना लगाने की प्रस्तावित कार्रवाई है और अंतिम फैसला कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद होगा.
DHS के जनरल काउंसिल जेम्स पर्सिवल ने कहा कि फर्जी शरण आवेदन अमेरिका की इमिग्रेशन व्यवस्था को कमजोर करते हैं, आम लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालते हैं और ऐसे मामलों की वजह से खतरनाक अपराधियों को देश से बाहर निकालने की प्रक्रिया भी प्रभावित होती है. उन्होंने कहा कि ट्रंप प्रशासन ऐसे मामलों में शामिल लोगों और वकीलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा और इमिग्रेशन सिस्टम के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
DHS ने बताया कि यह कार्रवाई मई 2026 में जारी उस निर्देश के तहत की जा रही है, जिसमें फर्जी शरण दावों पर सख्ती बढ़ाने की बात कही गई थी. इसी अभियान के तहत यह दूसरा बड़ा मामला है. इससे पहले जून 2026 में एक अन्य इमिग्रेशन वकील विनोद दोड्डामनी के खिलाफ भी कथित तौर पर फर्जी शरण आवेदन दाखिल करने के आरोप में 2 लाख 55 हजार डॉलर से ज्यादा के जुर्माने का नोटिस जारी किया गया था.
अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि अगर कोई व्यक्ति या उसका प्रतिनिधि जानबूझकर फर्जी दस्तावेज तैयार करता है या जमा करता है, तो उसके खिलाफ सिविल पेनल्टी के साथ-साथ अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है. फिलहाल सूरज राज सिंह के खिलाफ आरोपों की कानूनी प्रक्रिया जारी है और मामले में अंतिम निर्णय संबंधित प्राधिकरण द्वारा लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें- बस्तर के मांझी-चालकी क्यों बने राष्ट्रपति के मेहमान? प्रेसिडेंट हाउस में द्रौपदी मुर्मु ने खुद परोसा खाना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं