ईरान की केंद्रीय सैन्य कमान ने सोमवार को चेतावनी दी कि यदि अमेरिका और इजरायल ने उसके नागरिक ठिकानों पर हमला किया तो ईरान की तरफ से "बहुत अधिक विनाशकारी" जवाबी कार्रवाई की जाएगी. दरअसल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने धमकी दी है कि अगर मंगलवार को उनकी समय सीमा समाप्त होने से पहले ईरानी सरकार ने शांति समझौता नहीं किया तो 'पूरे ईरान को उड़ा दिया जाएगा'. अब ईरान ने इसका जवाब दिया है कि झुकेगा नहीं.
ईरानी सेना की सैन्य कमान के हेडक्वाटर, खतम अल-अंबिया के एक प्रवक्ता ने टेलीग्राम पर एक बयान में कहा, "अगर नागरिक ठिकानों पर हमले दोहराए जाते हैं, तो हमारे आक्रामक और जवाबी कार्रवाई के अगले चरण बहुत अधिक विनाशकारी और व्यापक होंगे." यह जानकारी ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर आईआरआईबी ने अपनी रिपोर्ट में दी है.
राष्ट्रपति ने दावा किया कि ईरान "नष्ट हो गया है, नष्ट हो गया है. और हर दिन बदतर होता जा रहा है."
उन्होंने एबीसी न्यूज को बताया, "हर दिन उन्हें और अधिक पुल बनाने होंगे, और उन्हें अधिक बिजली संयंत्र और अन्य सभी चीजें बनानी होंगी... ऐसा कोई देश नहीं है जिसने कभी इस तरह की मार झेली हो."
अमेरिकी कमांडर-इन-चीफ (ट्रंप) ने अपने हमलों से नागरिक जीवन के बड़े पैमाने पर होने वाली नुकसान पर चिंताओं को भी खारिज कर दिया और कहा कि उन्हें लगता है कि जो लोग उनकी सरकार का विरोध करते हैं वे शासन को कमजोर करने के लिए ऐसे हमलों का समर्थन करेंगे. उन्होंने एक्सियोस को बताया, "वे (ईरानी लोग) डर में जी रहे हैं. उन्हें डर है कि हम युद्ध के बीच में ही चले जाएंगे, लेकिन हम नहीं जा रहे हैं."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं