विज्ञापन

मंगल से पहले चांद पर शहर बसाएंगे एलन मस्क, 10 साल के अंदर रहने लगेंगे इंसान- समझिए कैसे बदला प्लान

SpaceX ने अपने निवेशकों से कहा है कि वह पहले चंद्रमा पर जाने को प्राथमिकता देगा और बाद में मंगल ग्रह की यात्रा का प्रयास करेगा.

मंगल से पहले चांद पर शहर बसाएंगे एलन मस्क, 10 साल के अंदर रहने लगेंगे इंसान- समझिए कैसे बदला प्लान
मंगल से पहले चांद पर शहर बसाएंगे एलन मस्क

दुनिया के सबसे अमीर शख्स और SpaceX के मालिक एलन मस्क ने मंगल ग्रह पर इंसानों को बसाने के अपने प्लान में बड़े बदलाव का ऐलान किया है. एलन मस्क ने रविवार, 8 फरवरी को कहा कि अब उनकी स्पेस कंपनी, SpaceX ने अपना ध्यान मंगल ग्रह से पहले चांद पर "खुद से विकसित होने वाला शहर" बनाने पर केंद्रित कर दिया है. उन्होंने दावा किया कि चांद पर इंसानी शहर बसाने के इस मिशन को 10 साल से भी कम समय में हासिल किया जा सकता है.

एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "SpaceX मंगल ग्रह पर एक शहर बनाने का भी प्रयास करेगा और लगभग 5 से 7 सालों में ऐसा करना शुरू कर देगा. लेकिन अभी सर्वोच्च प्राथमिकता सभ्यता के भविष्य को सुरक्षित करना है और चांद पर ऐसा करना तेजी से संभव होगा."

एलन मस्क का यह ऐलान शुक्रवार को आई वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट को दोहराता है. इस रिपोर्ट में कहा गया है कि SpaceX ने अपने निवेशकों से कहा है कि वह पहले चंद्रमा पर जाने को प्राथमिकता देगा और बाद में मंगल ग्रह की यात्रा का प्रयास करेगा. वह मार्च 2027 में बिना चालक दल के चंद्रमा पर उतरने का लक्ष्य रखेगा. उन्होंने पिछले साल कहा था कि उनका लक्ष्य 2026 के अंत तक मंगल ग्रह पर एक मानव रहित मिशन भेजने का है. लेकिन अब लगता है कि ऐसा नहीं होगा.

काम की बात- SpaceX का पूरा नाम Space Exploration Technologies Corp. है. यह एक प्राइवेट अमेरिकी एयरोस्पेस निर्माता और अंतरिक्ष परिवहन सेवा कंपनी है. यह प्राइवेट कंपनी दुनिया की सबसे पावरफुल रॉकेट बनाती है. इसकी स्थापना एलन मस्क द्वारा 2002 में की गई थी.  कंपनी का प्राथमिक लक्ष्य अंतरिक्ष यात्रा की लागत को कम करना है. इसके लिए वे ऐसे रॉकेट बनाते हैं जो लॉन्च के बाद वापस धरती पर सुरक्षित उतर सकें और फिर से उपयोग किए जा सकें.

रॉकेट और AI को एक साथ ला रहे हैं मस्क

इस दशक में अमेरिका को चंद्रमा पर अंतरिक्ष यात्रियों को वापस उतारने के अपने प्रयास में चीन के साथ कंपटीशन का सामना करना पड़ रहा है. 1972 में अंतिम अमेरिकी अपोलो मिशन के बाद से चांद पर कोई भी इंसान नहीं गया है. अगर बात SpaceX की करें तो उसने एक डील में एलन मस्क की AI कंपनी,  एक्सएआई का अधिग्रहण करने पर सहमत जताई है. इसमें रॉकेट कंपनी का मूल्य 1 ट्रिलियन डॉलर और AI कंपनी का मूल्य 250 बिलियन डॉलर है.

यह भी पढ़ें: 1972 के अपोलो मिशन के बाद पहली बार चांद की ओर लौटेगा इंसान, तब और अब में कितना अंतर?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com