विज्ञापन

9/11 के बाद पहली बार ठप हुई अमेरिका में हवाई सेवाएं; यात्री हुए परेशान, ट्रंप प्रशासन ने किसे बताया जिम्मेदार

अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों की संचार समस्या के कारण लागू देशव्यापी ग्राउंड स्टॉप हटा लिया गया है. FAA ने उड़ानों को फिर से उड़ान भरने की अनुमति दे दी है. इस दौरान 827 उड़ानें डायवर्ट हुईं और लाखों यात्री प्रभावित हुए.

9/11 के बाद पहली बार ठप हुई अमेरिका में हवाई सेवाएं; यात्री हुए परेशान, ट्रंप प्रशासन ने किसे बताया जिम्मेदार
अमेरिका में बड़ा एविएशन संकट टला, उड़ानें फिर शुरू
व्हाइट हाउस
  • अमेरिका में उड़ानों पर लगी रोक हटी, FAA ने फिर शुरू कराया विमान संचालन
  • 15 लाख यात्रियों पर पड़ा असर, एयर ट्रैफिक कंट्रोल में तकनीकी गड़बड़ी
  • 9/11 के बाद पहली बार अमेरिकी हवाई सेवाएं ठप हुईं
वाशिंगटन:

अमेरिका में हवाई यात्रियों के लिए करीब चार घंटे मुश्किल भरे रहे. कम्युनिकेशन सिस्टम में आई तकनीकी गड़बड़ी के चलते फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) को देशभर में उड़ानों पर रोक लगा दी थी. लेकिन अब ग्राउंड स्टॉप हटा लिया गया है. सिरियम के आंकड़ों के अनुसार 827 उड़ानें प्रभावित हुईं, जबकि 15 लाख से अधिक यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित रहीं. वहीं व्हाइट हाउस में ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों ने कहा है कि अभी तक किसी साइबर हमले के संकेत नहीं मिले हैं.

9/11 के बाद दूसरी बार अमेरिका में ऐसा हुआ

11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद यह दूसरा बड़ा मौका माना जा रहा है जब पूरे देश का विमान संचालन व्यापक रूप से प्रभावित हुआ. अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी सचिव मार्कवेन मुलिन ने कहा कि देशभर के हवाई अड्डों पर लागू किए गए ग्राउंड स्टॉप के पीछे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा कोई खतरा होने के संकेत नहीं मिले हैं. मुलिन ने व्हाइट हाउस के बाहर कहा, 'यह स्थिति 9/11 जैसी नहीं है.' उन्होंने सभी यात्रियों और उनके परिवारों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सभी उड़ानों का पूरा हिसाब रखा गया है और यात्री सुरक्षित हैं. उन्होंने आगे कहा कि सभी उड़ानों की निगरानी की जा रही है और सुरक्षा को लेकर किसी तरह की चिंता की जरूरत नहीं है.

'साइबर हमले के संकेत नहीं'

मुलिन ने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं है कि यह घटना किसी दुर्भावनापूर्ण हमले या साइबर अटैक का परिणाम थी. उन्होंने कहा, "यह फिलहाल सिर्फ दूरसंचार व्यवस्था में आई बाधा है." 

ट्रंप प्रशासन ने कहा कि अमेरिकी सरकार पिछले वर्ष संसद (US Congress) द्वारा 12.5 अरब डॉलर की मंजूरी मिलने के बाद से एयर ट्रैफिक कंट्रोलरों द्वारा उपयोग की जाने वाली पुरानी तकनीक को आधुनिक बनाने पर काम कर रही है. इस परियोजना के तहत पुराने कॉपर (तांबे) के तारों की जगह फाइबर ऑप्टिक लाइनें बिछाई गई हैं और देशभर के हवाई अड्डों पर पुराने रेडियो सिस्टम को धीरे-धीरे बदला जा रहा है.

परिवहन मंत्री सीन डफी ने कहा है कि अभी भी काफी काम बाकी है. इस परियोजना को पूरा करने के लिए अतिरिक्त 30 अरब डॉलर की जरूरत होगी. इसके लिए व्हाइट हाउस कांग्रेस से मंजूरी दिलाने की कोशिश कर रहा है.

यात्रियों में दिखी नाराजगी

लॉस एंजिलिस से वॉशिंगटन लौट रहे यात्री और वकील जेफ डब्नर ने कहा कि उनका विमान रनवे की ओर बढ़ चुका था, लेकिन अचानक रोक दिया गया. उन्होंने कहा कि यह सामान्य देरी से कहीं अधिक बड़ी समस्या लग रही थी और वह जानना चाहते हैं कि आखिर ऐसा क्यों हुआ.

827 उड़ानों का बदला गया रूट, 15 लाख से अधिक यात्री प्रभावित

एविएशन एनालिटिक्स कंपनी सिरियम के अनुसार शाम तक कम से कम 827 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा. इनमें 670 उड़ानों को वापस उसी हवाई अड्डे पर भेजा गया जहां से उन्होंने उड़ान भरी थी, जबकि 157 विमानों को दूसरे हवाई अड्डों की ओर मोड़ दिया गया. सबसे ज्यादा प्रभावित हवाई अड्डों में वॉशिंगटन डलेस इंटरनेशनल एयरपोर्ट, लॉस एंजिलिस इंटरनेशनल एयरपोर्ट, सिनसिनाटी/नॉर्दर्न केंटकी इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नैशविल इंटरनेशनल एयरपोर्ट शामिल रहे. अधिकारियों के अनुसार शाम 4 बजे के बाद अमेरिका के विभिन्न हवाई अड्डों से करीब 11,000 उड़ानों के संचालन की योजना थी. इन उड़ानों में 15 लाख से अधिक यात्री सफर करने वाले थे.

यह भी पढ़ें : अमेरिका में उड़ानों पर ब्रेक; FAA ने पूरे देश में फ्लाइट्स रोकीं, 15 लाख यात्री प्रभावित

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Flight, FAA, Air Traffic Control, Communications Outage, Flight Diversions USA
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com