- फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की सीरिया यात्रा के दौरान दमिश्क में उनके होटल के नजदीक दो बम धमाके हुए
- सीरिया की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े हुए. फ्रांस के नेता की विजिट के बीच धमाका परेशानी बढ़ाने वाला है.
- राष्ट्रपति मैक्रों ने सीरिया के नेता अहमद अल शारा से मुलाकात की, जो 2024 में सत्ता में आए हैं
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की सीरिया यात्रा के बीच दमिश्क में बम धमाके हुए हैं. ये धमाके उस होटल के नजदीक हुए हैं, जहां मैक्रों ठहरे हुए हैं. मंगलवार को उनकी यहां कई बैठकें हैं और इस बीच दो धमाके होने से अफरातफरी मच गई. सीरिया की मीडिया ने इन धमाकों की जानकारी दी है. लेकिन फ्रांसीसी राष्ट्रपति के कार्यालय का कहना है कि ऐसे धमाके उन्होंने नहीं सुने. राष्ट्रपति मैक्रों ने सीरिया के नेता अहमद अल शारा से मुलाकात भी की है. इन धमाकों के चलते सीरिया में सुरक्षा पर फिर सवाल खड़े हुए हैं. वह भी तब जबकि 2024 में शारा के सत्ता में आने के बाद मैक्रों ऐसे पहले यूरोपियन नेता हैं, जो सीरिया दौरे पर आए हैं.
ये धमाके सीरिया की राजधानी दमिश्क के व्यस्त इलाके में हुए हैं. यहीं पर सीरिया के पर्यटन मंत्रालय का ऑफिस है और नेशनल म्यूजियम भी स्थित है. इसके अलावा पास में ही वह होटल भी मौजूद है, जहां फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को ठहराया गया है. रॉयटर्स के अनुसार ये धमाके उस वक्त हुए हैं, जब मैक्रों सिविल सोसायटी ग्रुप्स से मुलाकात कर रहे थे. सीरिया की सरकारी न्यूज एजेंसी का कहना है कि इन धमाकों में 18 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 4 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं. पहला धमाका तो उसी वक्त हुआ, जब एक मीटिंग के लिए मैक्रों का काफिला राष्ट्रपति भवन के लिए गुजरा. इसके थोड़ी देर बाद ही कुछ मीटर की दूरी पर दूसरा धमाका हुआ.
यह दूसरा धमाका एक एंबुलेंस के पास हुआ. यहां करीब दो दर्जन लोग मौजूद थे और ज्यादातर लोग घायल हुए हैं. इन धमाकों के बाद वायरल हुए वीडियोज में धुआं उठते देखा जा रहा है. एक वीडियो में दिखता है कि धमाके से ठीक पहले मैक्रों का काफिला राष्ट्रपति भवन की ओर निकलता है. इन धमाकों से उनके दौरे पर कोई असर नहीं पड़ा है. इस घटना के बाद ही उन्होंने राष्ट्रपति अहमद अल शारा से मुलाकात की है.
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के दौरे के बीच सीरिया में धमाके, होटल के पास ही फटे दो बम#syria #emmanuelmacron #blast pic.twitter.com/78EWGyxVoQ
— NDTV India (@ndtvindia) July 7, 2026
धमाकों को लेकर फ्रांस का राष्ट्रपति कार्यालय क्या बोला
इस मीटिंग के दौरान सीरिया के कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी मौजूद थे. फिलहाल सीरिया के आतंरिक सुरक्षा विभाग की ओर से इन धमाके के जिम्मेदार लोगों की तलाश की जा रही है. सीरिया के सरकारी चैनल अल-अखबारिया का कहना है कि घटनास्थल को सील कर दिया गया है और जांच जारी है. वहीं फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय का कहना है कि इन धमाकों की आवाज उनको सुनाई नहीं दी. शायद उनका काफिला आगे निकल गया था और धमाके उसके बाद हुए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं