विज्ञापन

पाकिस्तान में कुदरत का कहर, 45 लोगों की मौत, 100 से अधिक घायल

जियो न्यूज के अनुसार, अधिकारियों ने कहा है कि 6 से 9 अप्रैल तक बारिश होने की संभावना है और उन्होंने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, विशेष रूप से संवेदनशील पर्यटन क्षेत्रों में न जाने और जारी सलाह का पालन करने का आग्रह किया है.

पाकिस्तान में कुदरत का कहर, 45 लोगों की मौत, 100 से अधिक घायल
  • पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में भारी बारिश से 45 लोगों की मौत और 105 लोग घायल हुए हैं.
  • खैबर पख्तूनख्वा के कई जिलों में छतें और दीवारें गिरने से गंभीर नुकसान और जनहानि हुई है.
  • बारिश के कारण कुल 442 घरों को नुकसान पहुंचा, जिनमें से 60 घर पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
इस्लामाबाद:

प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) की रविवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, मार्च के आखिर से पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण 45 लोगों की मौत हो गई और 105 लोग घायल हो गए. रिपोर्ट में पीडीएमए ने कहा कि खैबर पख्तूनख्वा के कई जि‍लों में भारी बारिश के दौरान छतें और दीवारें गिरने से मौतें हुईं.

पाकिस्तान के प्रमुख मीडिया आउटलेट जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, पीडीएमए ने बताया कि मरने वालों में 23 बच्चे, 17 पुरुष और पांच महिलाएं शामिल हैं, जबकि घायलों में 45 पुरुष, 16 महिलाएं और 44 बच्चे शामिल हैं.

खैबर पख्तूनख्वा में कुल 442 घरों को नुकसान पहुंचा, जिनमें से 382 घर आंशिक रूप से और 60 घर पूरी तरह से नष्ट हो गए. ये घटनाएं खैबर पख्तूनख्वा के कई हिस्सों में हुईं, जिनमें कोहाट, उत्तर वजीरिस्तान, पेशावर, खैबर, नौशेरा, डेरा इस्माइल खान, कुर्रम, लक्की मारवत, शांगला, बत्ताग्राम, बन्‍नू, एबटाबाद, मरदान, बाजौर, हंगू, मोहम्मद, लोअर दीर, ओरकजई, साउथ वजीरिस्तान, टैंक, लोअर कोहिस्तान, मानसेहरा, तोरघर, स्वात, ऊपरी दीर, चरसद्दा, बुनेर और मलाकंद शामिल हैं.

पीडीएमए ने कहा कि वह रेस्क्यू 1122, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित संस्थाओं के संपर्क में है और राहत कार्य जारी हैं. प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री भेजी गई है और स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि वह राहत प्रयासों को तेज करे और पीड़ितों की मदद सुनिश्चित करे.

जियो न्यूज के अनुसार, अधिकारियों ने कहा है कि 6 से 9 अप्रैल तक बारिश होने की संभावना है और उन्होंने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, विशेष रूप से संवेदनशील पर्यटन क्षेत्रों में न जाने और जारी सलाह का पालन करने का आग्रह किया है.

इस बीच, शुक्रवार को पाकिस्तान के रावलपिंडी और इस्लामाबाद में हल्की से भारी बारिश हुई, जिससे लोगों का सामान्य जनजीवन बाधित हो गया. पाकिस्तान के प्रमुख दैनिक 'डॉन' की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार की सुबह बारिश शुरू हुई और देर रात तक जारी रही.

स्थानीय निवासियों, विशेष रूप से छात्रों, जिन्हें दो पालियों में आयोजित होने वाली वार्षिक मैट्रिक और नौवीं कक्षा की परीक्षाओं में उपस्थित होना था, बारिश के कारण समस्याओं का सामना करना पड़ा. सबसे प्रभावित क्षेत्रों में राशिद मिनहास रोड, नोगाजा रोड, ट्रांजि‍ट कैंप रोड, रट्टा अमराल रोड, झंडा चीची रोड, बस्ता खान रोड, सद्दार, राजा बाजार, फारूक-ए-आजम रोड, सादिकाबाद रोड शामिल रहे.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com