विज्ञापन
This Article is From May 11, 2016

विधायकों को पैसे देने के आरोप पर बोले हरीश रावत, 'नारको टेस्‍ट कराने को तैयार'

विधायकों को पैसे देने के आरोप पर बोले हरीश रावत, 'नारको टेस्‍ट कराने को तैयार'
हरीश रावत (फाइल फोटो)
देहरादून: मंगलवार को सदन में बहुमत साबित करने और बुधवार को सुप्रीम कोर्ट से अपनी जीत के ऐलान के बाद हरीश रावत बहुत गदगद हैं। मुख्यमंत्री की कुर्सी और उनके बीच अब महज़ कुछ औपचारिकताएं रह गई हैं।

लेकिन 33 विधायकों का साथ पाने के लिए उन्हें अंत तक एड़ी चोटी का ज़ोर लगाना पड़ा। इस बीच बीजेपी की तरफ से उन पर ये भी आरोप लगाया गया कि उन्होंने अपनी पार्टी के विधायकों को साथ रखने के लिए पैसे दिए। बीजेपी के इस आरोप पर हरीश रावत का कहना है कि वे किसी भी जांच के साथ-साथ अपना नारको टेस्ट कराने के तैयार हैं। उनका कहना है कि जिस काम में बीजेपी ख़ुद जुटी रही अब उसे लेकर उन पर अनर्गल आरोप लगा रही है।

मंगलवार को सदन में संख्याबल में हरीश रावत की जीत के बाद बीजेपी विधायक गणेश जोशी ने 11 कांग्रेसी विधायकों को पैसे के दम पर अपने साथ रखने का आरोप लगाया था। इससे पहले कांग्रेसी विधायक मदन सिंह बिष्ट का स्टिंग भी जारी हो चुका है जिसमें बिष्ट कथित तौर पर हरक सिंह रावत से ये कह रहे हैं कि किस तरह हरीश रावत ने खनन माफियाओं से पैसे लिए और विधायकों को बांटे।

रावत की सफाई है कि किसी भी खनन आवंटन में उन्होंने कोई पैसा नहीं लिया। वे खुद को जांच के लिए पेश करने की बात करते हैं। उनका कहना है कि उनके राजनीतिक विरोधियों ने पहले ग़लत तरह से उनकी सरकार को गिराया और अब जब वे उसमें मात खा चुके हैं तो छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

बाग़ियों को वापस पार्टी में लेने की किसी संभावना के सवाल पर रावत का कहना है कि पिछले डेढ़ पौने दो महीने में उन्होंने बहुत तपस्या की और अब बारी नौ बाग़ियों की तपस्या व पश्चाताप करने की है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
हरीश रावत, उत्तराखंड, बहुमत, फ्लोर टेस्‍ट, नारको टेस्‍ट, Harish Rawat, Uttarakhand, Majority, Harish Rawat Floor Test, Narco Test
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com