- RJD विधायक फैसल रहमान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर राजनीतिक हलचलों को बढ़ावा दिया है.
- फैसल रहमान ने हाल के राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन के उम्मीदवार के पक्ष में वोट नहीं दिया था.
- फैसल रहमान को विधान परिषद में सभापति बनाए जाने का मुद्दा भी राजनीतिक चर्चाओं में महत्वपूर्ण रहा है.
राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) में अंदरूनी कलह और संभावित टूट की अटकलें एक बार फिर तेज हो गई हैं. आरजेडी नेता तेजस्वी यादव इन दिनों केरल में चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं, वहीं इधर पार्टी के विधायक फैसल रहमान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर राजनीतिक गलियारों में नई हलचल पैदा कर दी है.
फैसल रहमान की नीतीश कुमार से हुई इस मुलाकात को साधारण शिष्टाचार भेंट मानने को विपक्ष तैयार नहीं है. खासकर ऐसे समय में जब बिहार की राजनीति लगातार उठापटक के दौर से गुजर रही है, इस मुलाकात के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं. सवाल उठ रहे हैं कि क्या आरजेडी के भीतर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है और क्या पार्टी टूट की ओर बढ़ रही है?
यह भी पढ़ें- राजस्थान बना मनाली-कश्मीर, संगमरमर की सूनी घाटियों में क्यों उमड़ रहे टूरिस्ट, VIDEO हैरान कर देगा
राज्यसभा चुनाव में कर दी थी बगावत
गौरतलब है कि फैसल रहमान वही आरजेडी विधायक हैं, जिन्होंने हालिया राज्यसभा चुनाव के दौरान महागठबंधन के अधिकृत प्रत्याशियों के पक्ष में वोट नहीं किया था. उनके और कुछ अन्य विधायकों के क्रॉस वोटिंग करने के कारण ही महागठबंधन के उम्मीदवार अमरेंद्र धारी सिंह को हार का सामना करना पड़ा था. इस घटनाक्रम ने उस समय भी गठबंधन की एकजुटता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे.
अब उनकी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात ने सियासी चर्चाओं को और हवा दे दी है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह मुलाकात आगामी राजनीतिक समीकरणों की ओर इशारा कर सकती है.
यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल में 'कल्चरल इमरजेंसी'... हेमा मालिनी बोलीं- 'मुझे डांस शो की नहीं दी गई परमिशन'
फैसल की मुलाकात पर RJD की चुप्पी
हालांकि आरजेडी की ओर से अभी तक इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. पार्टी सूत्र सार्वजनिक रूप से टूट की आशंकाओं को खारिज करने की बात कर रहे हैं, लेकिन अंदरखाने असहजता से इनकार भी नहीं किया जा रहा.
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह मुलाकात महज संयोग है या फिर बिहार की राजनीति में किसी बड़े बदलाव की पटकथा लिखी जा रही है. आने वाले दिनों में तेजस्वी यादव की वापसी और आरजेडी नेतृत्व की प्रतिक्रिया से तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं