Mobile phones banned in Kedarnath Dham: उत्तराखंड में चार धाम यात्रा जारी है. 22 अप्रैल की सुबह आठ बजे केदारनाथ धाम के कपाट खोले जाएंगे. इससे पहले केदारनाथ समिति ने एक बड़ा फैसला लेते हुए धाम में मोबाइल फोन के उपयोग पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी है. यह निर्णय मंदिर की पवित्रता और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.
फोटो खींचा, वीडियो बनाया तो होगी कार्रवाई
मंदिर समिति के सदस्य विनीत पोस्ती ने फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि अब कोई भी श्रद्धालु मंदिर परिसर के भीतर मोबाइल फोन लेकर प्रवेश नहीं कर सकेगा. परिसर में फोटो खींचना, वीडियो बनाना या सोशल मीडिया के लिए रील तैयार करना भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. अगर, कोई श्रद्धालु इन नियमों का उल्लंघन करता हुआ पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा- मंदिर प्रशासन इस नियम को लेकर पूरी तरह गंभीर है, इसके पालन के लिए निगरानी भी बढ़ा दी गई है.
समित ने भक्तों से की अपील
मंदिर समिति की ओर से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धार्मिक मर्यादाओं का पालन करें और धाम की गरिमा बनाए रखें. प्रशासन का कहना है कि इस निर्णय से श्रद्धालुओं को अधिक शांतिपूर्ण, आध्यात्मिक और दिव्य वातावरण में दर्शन का अवसर मिल सकेगा.
लाखों भक्त आते हैं धाम
बता दें कि केदारनाथ धाम में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में लोगों के मोबाइल उपयोग करने से अव्यवस्थाएं होती हैं, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी होती है. मंदिर प्रशासन का मानना है कि मोबाइल बैन से दर्शन व्यवस्था बेहतर होगी और श्रद्धालु बिना किसी व्यवधान के बाबा केदारनाथ के दर्शन कर सकेंगे.
(रूद्रप्रयाग से रोहित डिमरी की रिपोर्ट)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं