उत्तर प्रदेश में अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन' लगातार जारी है. राज्य को अपराध मुक्त बनाने के संकल्प के साथ पुलिस महानिदेशालय के निर्देश पर प्रदेश भर में धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में इटावा जनपद के चौबिया थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच एक सनसनीखेज मुठभेड़ देखने को मिली. इस मुठभेड़ में सैफई थाने का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और वांछित अपराधी अरुण उर्फ लऊवा पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया.
चेकिंग के दौरान मिली थी मुखबिर से सूचना
यह पूरी घटना उस समय शुरू हुई जब चौबिया पुलिस थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम थुलरई-बीना मार्ग पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को एक विश्वसनीय मुखबिर से गुप्त सूचना मिली कि सैफई थाने का हिस्ट्रीशीटर (13B) और कई मामलों में वांछित अपराधी अरुण उर्फ लऊवा एक बिना नंबर की क्रेटा कार में सवार होकर सैफई से बीना और हाजीपुर के रास्ते मैनपुरी की तरफ भागने की फिराक में है.

up police encounter itawah saifai historysheeter arun lauwa arrested
पुलिस को देखते ही की भागने की कोशिश
मुखबिर की सटीक सूचना पर सतर्क हुई पुलिस ने तत्काल घेराबंदी शुरू कर दी. कुछ ही समय बाद सामने से एक सफेद रंग की संदिग्ध क्रेटा कार आती दिखाई दी, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी. पुलिस टीम ने जब कार को रुकने का इशारा किया, तो कार चालक बदमाश ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और कीरतपुर मार्ग की तरफ मुड़कर तेजी से भागने का प्रयास किया.
झाड़ियों में टकराई कार और शुरू हुई फायरिंग
पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए बदमाश की कार का पीछा किया. तेज रफ्तार के कारण बदमाश की क्रेटा कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे झाड़ियों से जा टकराई. खुद को चारों तरफ से पुलिस से घिरा देख कार सवार बदमाश अरुण उर्फ लऊवा ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.
आत्मरक्षार्थ पुलिस ने की जवाबी कार्रवाई
बदमाश की ओर से हो रही गोलीबारी के बीच पुलिस टीम ने साहस का परिचय देते हुए अपनी सुरक्षा और आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की. पुलिस द्वारा चलाई गई गोली सीधे अभियुक्त अरुण के दाहिने पैर में जा लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा. पुलिस ने तुरंत आगे बढ़कर घायल अवस्था में उसे दबोच लिया. कानूनन प्रक्रिया का पालन करते हुए पुलिस ने उसे तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है.
अवैध हथियार और बिना नंबर की क्रेटा कार बरामद
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जब मौके की तलाशी ली, तो अभियुक्त के कब्जे से भारी मात्रा में संदिग्ध सामान और हथियार बरामद हुए. पुलिस को उसके पास से 1 अवैध तमंचा (315 बोर), 3 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस, 2 मोबाइल फोन, 1 हॉकी और अपराध में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर प्लेट की क्रेटा कार बरामद हुई है. मुठभेड़ की सूचना मिलते ही चौबिया थाना पुलिस के साथ-साथ फॉरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए.
20 अप्रैल की वारदात में शामिल होने का कबूलनामा
इटावा के एसपी ग्रामीण श्रीश चंद्र ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस पूछताछ में अभियुक्त अरुण उर्फ लऊवा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. उसने स्वीकार किया कि गत 20 अप्रैल 2026 को चौबिया थाना क्षेत्र के उनबा संतोषपुर में हुई एक गंभीर वारदात को उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था. पुलिस अब इस मामले में उसके अन्य सहयोगियों की तलाश में जुट गई है.
यह भी पढ़ें- शादी के अगले ही दिन उजड़ गया दुल्हन का सुहाग, आखिर हुआ क्या? ये खबर आपको रुला देगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं