- UP कैडर के IAS अधिकारी रिंकू सिंह राही ने फील्ड पोस्टिंग नहीं मिलने पर अपने पद से इस्तीफा दे दिया है.
- रिंकू सिंह राही का वकीलों के साथ शाहजहांपुर में विवाद हुआ था, जिसमें उन्हें उठक-बैठक करनी पड़ी थी.
- राही ने 2008 में मुजफ्फरनगर में 83 करोड़ रुपये के स्कॉलरशिप घोटाले का खुलासा किया था.
IAS Rinku Singh Rahi Resign: उत्तर प्रदेश कैडर के IAS अधिकारी रिंकू सिंह राही ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. वो पिछले साल तब चर्चा में आए थे, जब उनका वकीलों के सामने उठक-बैठक करने का वीडियो वायरल हुआ था. तब रिंकू सिंह राही शाहजहांपुर जनपद में एसडीएम में पद पर थे. लेकिन वकीलों के साथ एक मामूली विवाद में उन्हें सार्वजनिक रूप से उठक-बैठक करना पड़ा था. इसके बाद उन्हें राजस्व परिषद में नियुक्त किया गया था. शाहजहांपुर से पहले रिंकू सिंह राही मथुरा में थे. वहां से शाहजहांपुर आने के दो दिन बाद उनका वकीलों से विवाद हुआ, जिसके बाद यूपी सरकार ने उन्हें राजस्व परिषद में अटैच किया था.
फील्ड में पोस्टिंग नहीं मिलने से नाराज चल रहे थे रिंकू सिंह राही
इस बीच अब उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रिंकू सिंह राही फील्ड में पोस्टिंग नहीं मिलने से नाराज चल रहे थे. 2022 बैच के आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही यूपी के हाथरस जिले के रहने वाले हैं. उन्होंने साल 2004 में PCS की परीक्षा पास की और जिला समाज कल्याण अधिकारी बने. राही दिव्यांग कोटे से IAS अफसर बने थे.
IAS रिंकू सिंह का राही का वकीलों से क्या हुआ था विवाद
शाहजहांपुर आने के तुरंत बाद रिंकू सिंह राही का वकीलों से विवाद हुआ था. उन्होंने खुले में पेशाब कर रहे कचहरी के एक मुंशी से उठक-बैठक करवाई थी, जिसके बाद वकीलों ने एसडीएम का मोर्चा खोल दिया. बाद में एसडीएम को वकीलों के सामने उठक-बैठक करना पड़ा था. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था.
यह भी पढे़ं - IAS अफसर ने कान पकड़कर उठक-बैठक लगाई, वकीलों से मांगी माफी, जानिए क्या है पूरा मामला
करोड़ों के घोटाले का खुलासा करने के कारण मारी गई थी 7 गोलियां
इससे पहले रिंकू सिंह राही ने 2008 में मुजफ्फरनगर में 83 करोड़ रुपये के स्कॉलरशिप घोटाले का खुलासा करने में अहम भूमिका निभाई थी. इस खुलासे के कारण ही उनपर गोलियां भी चली थी. उन्हें 7 गोलियां मारी गई थी. उनके चेहरे पर की गोली लगी, जिससे उनका चेहरा विकृत हो गया और देखने और सुनने की क्षमता चली गई.
बाद में रिंकू सिंह राही ने दिव्यांग कोटे से यूपीएससी की परीक्षा को पास किया. लेकिन अब फील्ड पोस्टिंग नहीं मिलने के कारण उन्होंने आईएएस की नौकरी से इस्तीफा दे दिया है.
यह भी पढ़ें - करोड़ों का घोटाला उजागर करने पर सात गोलियां 'झेलने' वाले यूपी के अफसर को UPSC परीक्षा में मिली सफलता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं