- फतेहपुर जिले के गाजीपुर थाना पुलिस ने प्रेम संबंधों के कारण युवती की हत्या का मामला उजागर किया है
- मृतका फरजाना की मां अफसाना और भाई अफसर को पुलिस ने हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है
- युवती की हत्या 1 से 2 मार्च की रात को सल्फास पाउडर खिलाकर खेत में की गई थी
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के गाजीपुर थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां हिंदू युवक से प्रेम संबंधों का खुलासा होने पर मां और भाई ने युवती की हत्या कर खेत मे फेंक दिया.पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका की मां और भाई को गिरफ्तार कर लिया है.
2 मार्च को मिली थी लाश
फतेहपुर के पैगंबरपुर बकरी गांव में 2 मार्च को खेत में मिले युवती के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. घटना 2 मार्च की है. गांव के बोधन कुम्हार के खेत में फरजाना पुत्री इमाम खान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था. मामले में चौकीदार आशाराम की तहरीर पर थाना गाजीपुर में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना में मृतका की मां अफसाना (48) और भाई अफसर (26) की भूमिका संदिग्ध है. पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों को 8 मार्च को दिकरी मोड़ नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया गया.
प्रेम प्रसंग का था मामला
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि फरजाना का किसी हिन्दू युवक से प्रेम प्रसंग था, जिससे समाज में बदनामी के डर से उन्होंने 1/2 मार्च की रात उसे अरहर के खेत में ले जाकर जबरन सल्फास का पाउडर खिलाकर हत्या कर दी. इसके बाद शव को चने के खेत में रख दिया. बाद में मां ने फतेहपुर आकर थाने में बेटी की मौत की सूचना दी थी. वहीं क्षेत्राधिकारी जाफरगंज ब्रज मोहन राय ने बताया कि और तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर घटना का सफल अनावरण किया गया है और पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है. साथ ही आगे की विधिक कार्रवाई जारी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं