उत्तर प्रदेश में अब विधानसभा चुनाव में कुछ ही महीने बाकी हैं और इसे लेकर अब हलचल तेज हो गई है. सोमवार और मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार दो दिन के लखनऊ दौरे पर रहेंगे. इस दौरान उनके साथ उप चुनाव आयुक्त मनीष गर्ग के अलावा चुनाव आयोग के कई सीनियर अफसर भी मौजूद रहेंगे.
चुनाव आयोग की टीम का इस दौरे का मकसद चुनाव प्रक्रिया को जमीनी स्तर पर और ज्यादा सुदृढ़ बनाने के साथ ही युवा मतदाताओं को चुनाव प्रक्रिया से जोड़ना और बूथ लेवल अधिकारियों के साथ बातचीत कर उनके अनुभवों और सुझाव जानना है.
क्या है CEC ज्ञानेश कुमार का प्लान?
24 अगस्त को CEC ज्ञानेश कुमार कॉल्विन तालुकदार कॉलेज के अवध सभागार में विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. उनकी शुरुआती पढ़ाई कॉल्विन तालुकदार कॉलेज में हुई है.
इसके बाद वह लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित ELC 2.0 और ECINET पर एक दिवसीय क्षेत्रीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.
दौरे के दूसरे दिन 25 अगस्त को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मॉर्स हॉल में लखनऊ और आस-पास के जनपदों के लगभग 500 बूथ लेवल अधिकारियों के साथ सीधा संवाद करेंगे.
ELC और ECINET पर सम्मेलन
उत्तर प्रदेश में ELC और ECINET पर क्षेत्रीय सम्मेलन तीन चरणों लखनऊ, मेरठ और वाराणसी में आयोजित किया जाएगा.
पहले चरण में आयोजित लखनऊ के क्षेत्रीय सम्मेलन में 20 जनपद- शाहजहांपुर, अयोध्या, बाराबंकी, सुलतानपुर, अमेठी, गोंडा, बहराइच, मैनपुरी, कानपुरनगर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, कन्नौज, प्रतापगढ़, लखनऊ, हरदोई, खीरी, रायबरेली, सीतापुर और उन्नाव के उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, मीडिया नोडल अधिकारीगण उपस्थित रहेंगे.
सम्मेलन को अनुभवात्मक और सहभागी बनाने के लिए तीन स्टॉल बनाए गए हैं जहां पर प्रतिभागियों को मतदाता पंजीकरण, मतदान प्रक्रिया और मतगणना प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी Live Demo के माध्यम से दी जाएगी. ECINET के डिजिटल इकोसिस्टम का परिचय और नए ELC पोर्टल के माध्यम से शैक्षणिक संस्थानों का ELC 2.0 में ऑनबोर्डिंग की जानकारी साझा की जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं