- मुजफ्फरनगर में शराब के नशे में दो युवकों ने पुलिस चौकी पर दरोगा की कुर्सी पर बैठकर वीडियो बनाया और वायरल किया
- दोनों युवकों का नाम संजीव और अभिषेक है जो कोतवाली नगर थाना के बुढ़ाना मोड़ चौकी में पहुंचे थे
- वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया और वे अब सलाखों के पीछे हैं
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में शराब के नशे में कानून व्यवस्था से मजाक करना दो युवकों को भारी पड़ गया है. दोनों शराब पीकर एक चौकी में पहुंचे और जब वहां उन्हें कोई नहीं मिला तो उन्होंने दरोगा की कुर्सी पर बैठकर रील बनाई और उसे वायरल कर दी. अब दोनों सलाखों के पीछे हैं. दोनों माफी मांग रहे हैं. दोनों का कहना है कि हम शराब के नशे में थे और आगे से ऐसा कभी नहीं करेंगे.
मामला कोतवाली नगर थाना के बुढ़ाना मोड़ चौकी का है. यहां दो व्यक्ति शराब के नशे में रात में पहुंचे. दोनों किसी मामले को लेकर चौकी आए थे. चौकी खाली पड़ी थी तो उन्होंने दरोगा की कुर्सी पर बैठकर रील बना ली. एक दरोगा की कुर्सी पर बैठ गया और दूसरा उसका वीडियो बनाने लगा. इतना ही नहीं, वीडियो बनाने के बाद उन्होंने इसे वायरल भी कर दिया.
रील वायरल होने के बाद दोनों शराबियों की यूपी पुलिस ने हवा निकाल दी है. आरोपी के नाम संजीव और अभिषेक बताए जा रहे हैं. दोनों के अब नए वीडियो सामने आए हैं, जिसमें दोनों माफी मांगते नजर आ रहे हैं. वह कह रहे हैं कि वो लोग मुजफ्फरनगर से आ रहे थे और रास्ते में उनका एक्सीडेंट हो गया था. उन्होंने 112 को फोन किया लेकिन लगा नहीं. इसके बाद दोनों चौकी आए. यहां भी उन्हें कोई नहीं मिला तो उन्होंने रील बनाकर वायरल कर दी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं